UP: चुनावी खुन्नस में भाजपा नेता पर जानलेवा हमला, 18 लोगों ने लाठी-डंडे व तमंचे की बटों से पीटा, रिपोर्ट दर्ज
Mahoba News: जिले में चुनावी खुन्नस को लेकर सपा समर्थकों ने भाजपा नेता पर जानलेवा हमला कर दिया। 18 लोगों ने लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी से हमला किया था। साथ ही, तमंचे की बटों से बुरी तरह पीटा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
महोबा जिले में लोकसभा चुनाव की मतगणना होने के बाद चुनावी खुन्नस को लेकर घटनाएं शुरू हो गई हैं। शुक्रवार की रात सपा समर्थकों ने भाजपा नेता पर जानलेवा हमला कर दिया। लाठी-डंडे, कुल्हाड़ी और तमंचे की बटों से मारपीट के बाद आरोपी उसे मृत समझ भाग निकले।
गंभीर हालत में घायल को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने तीन नामजद व 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ जानलेवा हमला समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। थाना पनवाड़ी के कुनाटा निवासी मैयादीन राजपूत भारतीय जनता पार्टी का शक्ति केंद्र संयोजक है।
शुक्रवार की रात करीब साढ़े नौ बजे वह एक कार्यक्रम में शामिल होने महुआ गांव गया था। वापस लौटते समय महुआ स्थित एक ढाबे के पास बैठे सपा समर्थकों ने मैयादीन को रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर लाठी-डंडे और धारदार हथियार से हमला कर दिया।
गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर
इससे वह अचेत होकर गिर गया। तब आरोपी उसे मृत समझकर मौके से भाग निकले। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने गंभीर हालत में मैयादीन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पनवाड़ी पहुंचाया। एक हाथ टूटने व सिर पर गंभीर चोटें होने के चलते डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
डेढ़ दर्जन से अधिक लोगों ने की मारपीट
घायल भाजपा नेता ने बताया कि सपा समर्थकों का कहना था कि तुमने भाजपा का प्रचार किया है, सपा का नहीं किया है। हमारा सपा प्रत्याशी जीत गया है। हमारा कोई कुछ नहीं कर पाएगा। तुझे जान से मार देंगे, इतना कहते ही हमला कर दिया। डेढ़ दर्जन से अधिक लोगों ने तमंचे की बटों और धारदार हथियार से मारपीट की।
थानाध्यक्ष बोले- जल्द आरोपी होंगे गिरफ्तार
भाजपा नेता के भाई सूरज सिंह की तहरीर पर पुलिस ने विकास राजपूत, भूपेंद्र, हलकुट्टा व 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष मनीष कुमार पांडेय का कहना है कि मामे की जांच कराई जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।