कानपुर में डेंगू का शतक: 24 घंटे में मिले पांच नए मरीज, मलेरिया भी पसार रहा पांव, स्क्रब टाइफस के भी मामले
Kanpur News: स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, शहर में डेंगू के पांच और मलेरिया का एक नया मामला सामने आया है। इसके साथ ही एक जनवरी 2026 से अब तक डेंगू के कुल मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 103 पर पहुंच गया है, जबकि मलेरिया के कुल 16 मामले दर्ज हो चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए शहरवासियों को सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
विस्तार
कानपुर में मच्छरों के पनपने और बदलते मौसम के बीच डेंगू और मलेरिया जैसी संक्रामक बीमारियों का खतरा लगातार गंभीर रूप लेता जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, बीते 24 घंटों के भीतर शहर में डेंगू के पांच नए पॉजिटिव मरीज और मलेरिया का एक नया केस पाया गया है। नए मरीज मिलने के साथ ही शहर में डेंगू के कुल मामलों का आंकड़ा 103 हो गया है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इस साल एक जनवरी से अब तक (एनएस1 एलिसा + आईजीएम एलिसा) जांच में डेंगू के कुल 103 मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। वहीं, मलेरिया के कुल मामले बढ़कर 16 हो गए हैं। राहत की बात यह है कि ताजा रिपोर्ट में चिकनगुनिया, स्क्रब टाइफस, लेप्टोस्पायरोसिस, फाइलेरिया, हैजा (कॉलरा) और मेनिंगोकोकल मेनिंजाइटिस का कोई नया मरीज दर्ज नहीं किया गया है।
अन्य बीमारियों का कुल आंकड़ा
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, एक जनवरी से अब तक शहर में स्क्रब टाइफस के कुल 12 मामले, लेप्टोस्पायरोसिस के दो मामले, फाइलेरिया का एक मामला और मेनिंगोकोकल मेनिंजाइटिस का एक मामला सामने आ चुका है। वहीं, इस अवधि के दौरान चिकनगुनिया और हैजा का एक भी मरीज दर्ज नहीं हुआ है।
स्वास्थ्य विभाग ने की ये अपील
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अपने घरों के आसपास पानी जमा न होने दें। कूलर, गमलों और पुरानी टंकियों की नियमित सफाई करें और पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें। बुखार या लक्षण दिखने पर तत्काल नजदीकी सरकारी अस्पताल में जाकर एलिसा जांच कराएं।