इटावा: ग्वालियर में मिला था युवक का शव, कोतवाली के सामने रातभर चला हंगामा, सड़क पर लगाया जाम, कार्रवाई की मांग
Etawah News: ग्वालियर के पड़ाव थाना क्षेत्र में नाले से इटावा के साबितगंज निवासी बृजेंद्र का शव मिलने के बाद बृहस्पतिवार रात इटावा कोतवाली के सामने जमकर हंगामा हुआ। पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर पहुंचे परिजनों और स्थानीय लोगों ने हत्या का आरोप लगाते हुए सड़क पर जाम लगा दिया और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
विस्तार
ग्वालियर के पड़ाव थाना क्षेत्र में नाले से मिले साबितगंज निवासी बृजेंद्र के शव को लेकर बृहस्पतिवार रात इटावा में हंगामा हो गया। पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर पहुंचे परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली के सामने सड़क जाम कर दी। सैकड़ों लोगों ने प्रदर्शन कर पुलिस से कार्रवाई की मांग की। मृतक के भाई विजय सिंह ने साथ गए रिश्तेदार पर हत्या का आरोप लगाया।
उनका कहना है कि कोतवाली पुलिस आरोपी रिश्तेदार को पकड़कर लाई थी, लेकिन तीन दिन बाद उसे छोड़ दिया। देर रात करीब 11 बजे अधिकारियों के समझाने और निष्पक्ष जांच के आश्वासन पर परिजन शांत हुए और शव लेकर चले गए। परिजनों के मुताबिक, 11 अक्टूबर को बृजेन्द्र एक रिश्तेदार के साथ पुलिस टीम के साथ अहमदाबाद गए थे। वहां क्षेत्र के एक युवक द्वारा भगाई गई रिश्तेदार की बेटी को बरामद किया गया था।
आरोपी युवक और दो सहयोगियों को किया था गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवक और उसके दो सहयोगियों को गिरफ्तार किया था। वापसी के समय गाड़ी में जगह कम होने के कारण बृजेन्द्र और उनके एक अन्य रिश्तेदार को अहमदाबाद में ही छोड़ दिया गया था। इसके बाद दोनों ग्वालियर पहुंचे। यहां से बृजेंद्र अचानक लापता हो गए। दूसरा रिश्तेदार अकेले इटावा लौट आया और परिजनों को बृजेंद्र के लापता होने की जानकारी दी। परिवार के लोग उनकी तलाश कर रहे थे।
दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का दिया आश्वासन
इसी बीच 21 अक्टूबर को ग्वालियर के पड़ाव थाना क्षेत्र में एक नाले से बृजेंद्र का शव बरामद हुआ। ग्वालियर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे शव इटावा पहुंचने पर परिजन सीधे कोतवाली पहुंच गए। उन्होंने पुलिस पर मामले में ठोस कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए सड़क जाम कर दी। हंगामे की सूचना पर सीओ सिटी अवनीश कुमार सिंह और प्रभारी निरीक्षक यशवंत सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों को समझाया और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया।