जालौन: बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर हादसा, पुल में फंसा ईंटों से लदा ट्रक, आग से चालक जिंदा जला, पहचान मुश्किल
Jalaun News: बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर छिरिया मलकपुरा चौकी अंतर्गत सहाव गांव के पास बुधवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। औरैया से चित्रकूट की ओर जा रहा ईंटों से लदा एक अनियंत्रित ट्रक पुल के संकरे हिस्से में 100 से 150 मीटर तक घिसटने के बाद फंस गया। हादसे के दौरान भीषण आग लग जाने से ट्रक पूरी तरह जलकर राख हो गया और चालक की मौके पर ही जिंदा जलकर खौफनाक मौत हो गई।
विस्तार
जालौन जिले में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के भीषण हादसा हो गया। छिरिया मलकपुरा चौकी क्षेत्र के ग्राम सहाव के पास किलोमीटर 209 पर ईंटों से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पुल के बीच फंस गया। कुछ ही देर में ट्रक में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से एक व्यक्ति की जलकर मौत हो गई। पुलिस ने आग बुझने के बाद ट्रक से शव बरामद किया, लेकिन वह इतनी बुरी तरह जल चुका था कि उसकी पहचान करना भी मुश्किल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा बुधवार सुबह करीब तीन बजे के बाद हुआ। ट्रक औरैया की ओर से चित्रकूट की तरफ जा रहा था। आशंका है कि चालक को झपकी आने से ट्रक अनियंत्रित हो गया। इसके बाद ट्रक करीब 100 से 150 मीटर तक घिसटता हुआ पुल के बीच बने संकरे हिस्से में जाकर फंस गया। इस दौरान ट्रक बिजली की केबलों से भी टकराया, जिससे शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
ट्रक से जला हुआ शव बाहर निकाला
आग इतनी भीषण थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह जल गया। सूचना पर चौकी प्रभारी आलोक पाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस, दमकल विभाग और एक्सप्रेसवे की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद ट्रक से एक व्यक्ति का जला हुआ शव बाहर निकाला गया। हादसे की सूचना पर सीओ जालौन अजय कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मृतक की पहचान कराने के प्रयास
उन्होंने पुलिस टीम से हादसे की परिस्थितियों की जानकारी ली। ट्रक में कितने लोग सवार थे, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। फिलहाल एक ही शव मिलने की जानकारी है। आग में ट्रक की नंबर प्लेट समेत पहचान से जुड़े अन्य निशान भी जल गए हैं। पुलिस मृतक की पहचान कराने के साथ ही हादसे के वास्तविक कारणों की जांच में जुटी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।