Kannauj: फंदे पर लटका मिला विवाहिता का शव, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप; पुलिस-फॉरेंसिक जांच जारी
Kannauj News: छिबरामऊ क्षेत्र के रुद्रापुर गांव में गुरुवार को 25 वर्षीय विवाहिता का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य और नमूने एकत्र किए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कन्नौज जिले के छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रुद्रापुर में गुरुवार को एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई। यहां 25 वर्षीय विवाहिता नीतू का शव घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर छिबरामऊ कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतरवाकर अपने कब्जे में लिया।
मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया, रो-रोकर बुरा हाल
मृतका नीतू (25) अपने पीछे 03 छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गई है, जिनमें 10 वर्षीय अनमोल, 08 वर्षीय अंश और 04 साल की मासूम बेटी नंदिनी शामिल हैं। मां की अचानक हुई मौत से तीनों मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। बच्चों का करुण क्रंदन देखकर मौके पर मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं। घटना के बाद से ही मृतका के पति विकास वर्मा और ससुराल पक्ष के घर में कोहराम मचा हुआ है।
मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग
घटना की जानकारी पाकर मृतका नीतू के मायके वाले भी मौके पर पहुंच गए। मृतका की मां फूलन देवी और पिता नरेश चंद्र वर्मा ने आत्महत्या की बात से साफ इनकार करते हुए ससुराल पक्ष पर बेटी की हत्या किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है।
मृतका की मां ने छिबरामऊ पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, ससुराल पक्ष में मृतका के पति विकास वर्मा, ससुर देवदत्त और सास उमा से भी पुलिस पूछताछ कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर होगी कार्रवाई
मामले में छिबरामऊ पुलिस का कहना है कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं और मायके पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों को ध्यान में रखकर गहराई से जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों और परिजनों द्वारा दी जाने वाली लिखित तहरीर के आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों की पुष्टि हो सकेगी।