Kanpur: बच्चों की शिकायत का भी ध्यान नहीं? चुन्नीगंज पार्क का काम न होने पर भड़कीं महापौर प्रमिला पांडेय
Kanpur News: चुन्नीगंज स्थित बदहाल पार्क के जीर्णोद्धार में तीन महीने बाद भी प्रगति न होने पर महापौर प्रमिला पांडेय ने नगर निगम अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर नगर निगम मुख्यालय स्थित समिति कक्ष में शुक्रवार को महापौर प्रमिला पांडेय और नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने जोन 04 के अंतर्गत आने वाले वार्डों के पार्षदों की समस्याओं को सुना। बैठक के दौरान चुन्नीगंज स्थित बदहाल पार्क का जीर्णोद्धार कार्य अब तक शुरू न होने पर महापौर ने कड़ी नाराजगी जताई।
उद्यान विभाग के पर्यावरण अभियंता दिवाकर भास्कर को फटकार लगाते हुए महापौर ने कहा कि 03 महीने पहले छोटे बच्चों ने इस पार्क की बदहाली की शिकायत की थी, जिस पर उन्होंने पार्क की बाउंड्रीवॉल और सुंदरीकरण कराने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद आज तक काम न होना लापरवाही की हद है।
पार्षदों ने उठाईं सीवर, कूड़ा उठान और स्ट्रीट लाइट की समस्याएं
बैठक में जोन 04 के पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं की झड़ी लगा दी। गांधी नगर के पार्षद विवेक शर्मा और सीसामऊ उत्तरी के पार्षद गोविंद मोहन शुक्ला ने बताया कि क्षेत्रों में गलीपिट, नालियां और जालियां क्षतिग्रस्त हैं, सीवर लाइनें चोक पड़ी हैं तथा कूड़ा गाड़ियां न आने से कचरा नहीं उठ पा रहा है।
वहीं, लाइटों के स्विच और तार न होने से स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं। इसके अलावा तिलक नगर के पार्षद अरुण कुमार गर्ग और परमट के पार्षद जितेंद्र वाजपेयी ने सफाई कर्मियों के न आने और जलभराव की शिकायत की। चुन्नीगंज के पार्षद इशरत अली ने जेटिंग मशीन न होने से सीवर सफाई ठप होने का मुद्दा उठाया, जिस पर जलकल महाप्रबंधक ने जल्द नई मशीन खरीदने की बात कही।
श्रावण मास से पहले मंदिर क्षेत्रों में सफाई और अतिक्रमण हटाने के निर्देश
महापौर ने 05 दिन बाद शुरू हो रहे श्रावण मास को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बाबा आनंदेश्वर मंदिर और वनखंडेश्वर मंदिर समेत अन्य प्रमुख शिवालयों के आसपास नालियों से तुरंत अतिक्रमण हटाया जाए और फुटपाथ खाली कराया जाए।
गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ मौके पर ही जुर्माना वसूलने की कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं। साथ ही, बकरमंडी ढाल के पास खुले में मीट और कचरा नाले में फेंकने वालों की जांच कर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।