कन्नौज सड़क हादसा: मासूम को बचाने के चक्कर में पलटा टेंपो, चालक और सवारी गंभीर घायल, मेडिकल कॉलेज रेफर
Kannauj News: छिबरामऊ क्षेत्र में सौरिख-छिबरामऊ मार्ग पर कबाड़ चुन रहे मासूम बच्चे को बचाने के चक्कर में एक तेज रफ्तार टेंपो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गया। हादसे में टेंपो चालक अवनीश और सवार यात्री महेश शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए।
विस्तार
कन्नौज जिले में सौरिख-छिबरामऊ मार्ग पर खोजीपुर गांव के पास शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कबाड़ चुन रहे एक मासूम बच्चे को बचाने के चक्कर में तेज रफ्तार टेंपो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर सड़क पर पलट गया। हादसे में टेंपो में सवार एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि चालक को भी चोटें आई हैं। दोनों घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए तिर्वा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम नकटपुर निवासी अवनीश (36) पुत्र शुगर सिंह पाल टेंपो चलाकर अपने परिवार का गुजर-बसर करते हैं। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे वह सौरिख से सवारी लेकर छिबरामऊ की ओर आ रहे थे। जैसे ही उनका टेंपो खोजीपुर गांव के पास पहुंचा। तभी अचानक सड़क पर कबाड़ चुन रहा एक बच्चा सामने आ गया। बच्चे को बचाने के प्रयास में चालक अवनीश ने हड़बड़ाहट में जोरदार ब्रेक लगा दी।
डिवाइडर से टकराकर पलट गया टेंपो
तेज रफ्तार होने के कारण टेंपो अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे बने डिवाइडर से टकराकर जोरदार आवाज के साथ पलट गया। हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत दौड़कर टेंपो में फंसे लोगों को बाहर निकाला और सूचना देकर 108 एंबुलेंस को मौके पर बुलाया। एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सौ शैय्या अस्पताल पहुंचाया गया।
दोनों गंभीर घायल मेडिकल कॉलेज रेफर
हादसे में टेंपो में सवार यात्री महेश शर्मा (60) पुत्र छोटेलाल शर्मा, निवासी सकरावा गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन महेश शर्मा की स्थिति चिंताजनक होने पर डॉक्टर ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा (कन्नौज) के लिए रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों में चीख पुकार मच गई।