कानपुर: कक्षा चार के छात्र ने दुपट्टे से फंदा लगा दी जान, दूसरी मंजिल पर लटका मिला शव, परिजनों में मचा कोहराम
Kanpur News: रावतपुर थाना क्षेत्र के मसवानपुर में कक्षा चार में पढ़ने वाले छात्र ने मां के दुपट्टे से फंदा लगाकर जान दे दी। घटना के समय बच्चा घर की दूसरी मंजिल पर अकेला था। परिजनों ने मासूम को फंदे से नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
विस्तार
कानपुर में रावतपुर के मसवानपुर में शनिवार दोपहर अदनान खान (9) ने मां के दुपट्टे से फंदा लगाकर जान दे दी। वह कक्षा चार का छात्र था। हृदयविदारक घटना ने परिजन को झकझोर दिया। पुलिस के अनुसार किसी बात को लेकर परिजन के उसे डांटने की बात सामने आई है। घटना के समय मां निचले हिस्से में थी, जबकि अदनान दूसरी मंजिल पर था।
बड़े पापा के बेटे ने उसे फंदे पर लटका देखा तो सूचना दी। घरवाले उसे नीचे उतारकर बचाने की कोशिश करते इससे पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। पेंट कारीगर अफताफ खान का बेटा अदनान एसआर मेमोरियल स्कूल में कक्षा चार का छात्र था। घर पर मां और अदनान दो भाई हैं। शनिवार दोपहर करीब तीन बजे हुई घटना की सूचना पर रावतपुर पुलिस मौके पर पहुंची।
पोस्टमार्टम कराने से कर दिया इन्कार
मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने परिजन से पूछताछ की। नौ साल के बच्चे की असमय मौत से परिवार पर गमों का पहाड़ टूट पड़ा। घर में मातम पसरा है और परिजन गहरे सदमे में हैं। घटना से इलाकाई लोग भी सन्न रह गए। पुलिस के मुताबिक परिवार ने किसी पर आरोप नहीं लगाया। पोस्टमार्टम कराने से भी इन्कार कर दिया। रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि घटना से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है।