कानपुर: जेवर के लिए नवंबर तक उड़ान शुरू होने की संभावना, 25 से लागू होगा ठंड का उड़ान शेड्यूल, पढ़ें पूरी डिटेल
Kanpur News: चकेरी एयरपोर्ट से हवाई सफर करने वाले यात्रियों के लिए जल्द ही उड़ानों के नए विकल्प मिलने वाले हैं। एयरपोर्ट निदेशक प्रदीप कुमार के अनुसार, नवंबर तक जेवर के लिए उड़ान शुरू होने की संभावना है, जबकि हैदराबाद सेवा को बहाल करने और बंगलूरू की उड़ान को सप्ताह में तीन से बढ़ाकर चार दिन करने का प्रस्ताव है।
विस्तार
कानपुर में चकेरी एयरपोर्ट से हवाई सफर करने वाले यात्रियों के लिए सुविधाओं और उड़ानों के विकल्प बढ़ाने की तैयारी है। एयरपोर्ट निदेशक प्रदीप कुमार के अनुसार जेवर के लिए नवंबर तक उड़ान शुरू होने की संभावना है, जबकि हैदराबाद की हवाई सेवा दोबारा बहाल करने और बंगलूरू की उड़ान सप्ताह में तीन से बढ़ाकर चार दिन करने का प्रस्ताव है। इसके अलावा एयरपोर्ट पर कार्गो सेवा विकसित करने और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की आवासीय कॉलोनी बनाने की योजना है।
इसके लिए प्रदेश सरकार को विस्तार संबंधी प्रस्ताव भेजा गया है। हैदराबाद की उड़ान 16 जून 2026 से बंद है। वहीं सांसद रमेश अवस्थी ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से मिलकर कोलकाता, नवी मुंबई और जेवर एयरपोर्ट के लिए भी उड़ाने शुरू करने की मांग की थी। इस पर अब तक कोई कदम नहीं उठाया गया है। एयरपोर्ट निदेशक ने बताया कि चकेरी एयरपोर्ट पर यात्री सुविधाओं में लगातार सुधार हुआ है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की रिपोर्ट के अनुसार यात्री सुविधाओं के मामले में एयरपोर्ट देश में नौवें स्थान पर पहुंच गया है। वर्ष 2019 में यह 34वें और 2023 में 26वें स्थान पर था।
25 से लागू होगा ठंड का उड़ान शेड्यूल, सुबह मिलेगी दिल्ली की फ्लाइट
कानपुर एयरपोर्ट पर ठंड के मौसम का उड़ान शेड्यूल 25 अक्तूबर से अप्रैल तक लागू होगा। इसके तहत दिल्ली की फ्लाइट दोपहर के बजाय सुबह मिलेगी। मुंबई की उड़ान रोजाना जारी रहेगी, जबकि बंगलूरू की फ्लाइट रविवार, सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को संचालित होगी। हैदराबाद की उड़ान भी शुरू होने की भी उम्मीद है।
नया उड़ान शेड्यूल
शहर आना जाना
बंगलूरू 12:55 1:30
दिल्ली 11:25 12:00
मुंबई 01:35 02:15