Kanpur: केडीए का अवैध निर्माणों पर एक्शन; 950 वर्गमीटर का निर्माण सील, चार अप्रैल को ध्वस्तीकरण की तैयारी
Kanpur News: केडीए ने मंगलवार को सिंहपुर और मगरवारा में 950 वर्गमीटर के दो अवैध निर्माण सील किए। प्राधिकरण ने चार अप्रैल को गंभीरपुर कछार में पांच अवैध प्लाटिंग पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई तय की है।
विस्तार
कानपुर में केडीए ने अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार को जोन-1बी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। प्रवर्तन टीम ने करीब 950 वर्गमीटर में बने दो अवैध निर्माणों को सील कर दिया। कार्रवाई उपाध्यक्ष मदन सिंह और सचिव अभय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर विशेष कार्याधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में की गई।
पहली कार्रवाई में नेहरू बाग गेट नंबर-3, मगरवारा (उन्नाव) में मो. शाहबुद्दीन, मो. एहतिशाम व अन्य द्वारा करीब 700 वर्गमीटर में आरसीसी कॉलम पर किए गए निर्माण को सील किया गया। दूसरी कार्रवाई सिंहपुर बाजार के पीछे, प्लॉट संख्या-183 के सामने स्थित लगभग 250 वर्गमीटर क्षेत्र में जी+4 निर्माण पर की गई, जिसे जितेंद्र सिंह व अन्य द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृति के कराया जा रहा था।
अवैध प्लाटिंग और व्यावसायिक निर्माणों का सर्वे कराया
दोनों परिसरों को पुलिस अभिरक्षा में सौंपने की प्रक्रिया जारी है। कार्रवाई के दौरान अवर अभियंता हिमांशु बर्नवाल समेत अन्य कर्मचारी और संबंधित थानों की पुलिस मौजूद रही। डॉ. रवि प्रताप सिंह ने बताया कि शुक्लागंज-उन्नाव क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग और व्यावसायिक निर्माणों का सर्वे कराया गया है। इसके तहत उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 की धारा 27 व 28 के अंतर्गत कार्रवाई की जा रही है।
आगे भी लगातार जारी रहेगा अभियान
उन्होंने बताया कि ग्राम गंभीरपुर कछार में अवैध रूप से विकसित की जा रही पांच प्लाटिंग चिन्हित की गई हैं, जिनके खिलाफ 4 अप्रैल को ध्वस्तीकरण/सीलिंग की कार्रवाई प्रस्तावित है। केडीए ने आम लोगों से अपील की है कि केवल प्राधिकरण से स्वीकृत कॉलोनियों में ही प्लॉट खरीदें और नक्शा व ले-आउट की जांच अवश्य करें। साथ ही प्लॉट खरीदने से पहले केडीए से जानकारी लेने की सलाह दी गई है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माणों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।