{"_id":"6aba201daae78331ae0b2fd4","slug":"kanpur-married-woman-dies-under-suspicious-circumstances-2026-09-28","type":"story","status":"publish","title_hn":"कानपुर: विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, 20 लाख और बुलेट की मांग पूरी न होने पर प्रताड़ना का आरोप","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
कानपुर: विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, 20 लाख और बुलेट की मांग पूरी न होने पर प्रताड़ना का आरोप
Mon, 28 Sep 2026 01:37 PM IST
Shikha Pandey
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर
Published by: Shikha Pandey
Updated Mon, 28 Sep 2026 01:37 PM IST
सार
ससुरालीजनों ने फंदा लगाकर आत्महत्या की जानकारी दी। मायके पक्ष ने गला दबाकर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है।
विज्ञापन
विवाहिता की मौत का मामला
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
किदवई नगर थानाक्षेत्र के जूही सफेद कॉलोनी में रविवार रात विवाहिता आकांक्षा मिश्रा (30) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुरालीजनों ने मायके पक्ष को फोन कर आकांक्षा के फंदा लगाकर आत्महत्या करने की जानकारी दी। सूचना पर पहुंचे मायकेवालों ने पति और ससुरालीजनों पर मकान दिलाने के लिए 20 लाख रुपये नकद और बुलेट की मांग पूरी न होने पर गला दबाकर हत्या करने और शव को फंदे पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को शांत कराया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विज्ञापन
कल्याणपुर बंबा निवासी एक नामचीन सीमेंट कंपनी के गोदाम इंचार्ज श्याम मिश्रा, उनकी पत्नी निशा और बेटे आकाश ने बताया कि उनकी इकलौती बेटी आकांक्षा की शादी 23 अप्रैल 2024 को जूही सफेद कॉलोनी निवासी पेय पदार्थ कंपनी के मैनेजर अनुराग बाजपेई उर्फ गौरव से हुई थी। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही आकांक्षा को दहेज के लिए परेशान किया जाने लगा। पिछले करीब आठ महीने से पति उस पर नया मकान दिलाने के लिए 20 लाख रुपये और बुलेट मायके से लाने का दबाव बना रहा था।
विज्ञापन
आरोप है कि मांग पूरी न होने पर अनुराग आए दिन आकांक्षा के साथ गालीगलौज और मारपीट करता था। लोकलाज के चलते वह परिजनों को पूरी बात नहीं बताती और प्रताड़ना सहती रही। मायकेवालों का आरोप है कि करीब दो सप्ताह पहले पति, उसके माता-पिता और बहन ने भी आकांक्षा को प्रताड़ित किया था। इसी दौरान उनसे चार लाख रुपये नकद भी लिए गए थे। इसके बावजूद कथित मांगें पूरी न होने पर प्रताड़ना जारी रही।
विज्ञापन
रविवार रात अचानक आकांक्षा की मौत की सूचना मिलने पर मायकेवाले ससुराल पहुंचे तो वहां हंगामा हो गया। पिता श्याम मिश्रा ने आरोप लगाया कि बेटी के गले, कलाई और हाथ-पैर में चोट के निशान हैं। उनका दावा है कि इन परिस्थितियों से गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका है। किदवई नगर थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर दी गई है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।