कानपुर: नौवीं की छात्रा से दुष्कर्म व जबरन गर्भपात, मामा-डॉक्टर समेत 10 पर केस, डीसीपी पश्चिम बोले- जांच जारी
Kanpur News: रावतपुर थाना क्षेत्र में नौवीं की छात्रा के साथ लगातार दुष्कर्म और जबरन गर्भपात कराने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने मामा, मामी, नाना-नानी, दो डॉक्टरों और मामा के दोस्तों समेत 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
विस्तार
कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र में नौवीं की छात्रा के शारीरिक शोषण और जबरन गर्भपात के मामले में पुलिस ने पीडि़ता के मामा, मामी, नाना-नानी, मामा के दो दोस्तों, एक रिश्तेदार और दो डॉक्टरों समेत 10 लोगों के खिलाफ गुरुवार रात प्राथमिकी दर्ज की है। रावतपुर निवासी पीड़िता की मां ने तहरीर में बताया कि उनकी बेटी कन्नौज स्थित ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रही थी।
आरोप है कि वहां मामा ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर करीब छह माह तक उसका शारीरिक शोषण किया। छात्रा ने इसकी जानकारी नाना-नानी और मामा-मामी को देने की कोशिश की, तो उसे डरा-धमकाकर चुप करा दिया गया। आरोप है कि गर्भवती होने के बाद भी शोषण जारी रहा और बाद में गर्भपात करा दिया।
तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज
इसके बाद नानी बीमारी का बहाना बनाकर उसे रावतपुर में उसकी मां के पास छोड़ गईं। घर पर बेटी को गुमसुम देखकर मां ने कारण पूछा, तो उसने आपबीती बताई। इसके बाद मां बेटी को लेकर रावतपुर थाने पहुंची और तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पॉक्सो समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।