Kanpur: ऑनलाइन ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर 15.21 लाख ठगे, जांच में खाते से जुड़े 94 लाख के तार
Kanpur News: ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर साइबर ठगों ने दादानगर निवासी एक युवक से 15.21 लाख रुपये की ठगी कर ली। मामले में किदवई नगर थाने में धोखाधड़ी और साइबर अपराध की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर के दादानगर निवासी एक युवक को ऑनलाइन ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर साइबर ठगों ने 15.21 लाख रुपये का चूना लगा दिया। पीड़ित की तहरीर पर किदवई नगर थाना पुलिस ने धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ठगों ने सोशल मीडिया के जरिए संपर्क कर पीड़ित को अपने जाल में फंसाया था।
कई खातों में ट्रांसफर कराए रुपये
दर्ज एफआईआर के अनुसार, दादानगर निवासी पीड़ित अर्पित गुप्ता से सोशल मीडिया के जरिए अदिति शर्मा नाम की युवती ने संपर्क किया था। युवती ने उन्हें ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का झांसा दिया।
शुरुआत में इनकार करने के बाद लगातार दबाव और अधिक रिटर्न के लालच में आकर पीड़ित ने अलग-अलग बैंक खातों और क्यूआर कोड के माध्यम से कुल 15,21,320 रुपये जमा कर दिए। रकम ट्रांसफर होने के बाद जब न तो मुनाफा मिला और न ही मूल राशि वापस हुई, तब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ।
आरोपी के खाते में मिले 94 लाख, देश भर में दर्ज हैं 05 शिकायतें
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि पीड़ित के एसबीआई खाते से 4.50 लाख रुपये इंडसइंड बैंक के एक खाते में ट्रांसफर हुए थे, जो साकेत नगर निवासी रतन कपूर के नाम पर है। पड़ताल में खुलासा हुआ कि इस खाते के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों में साइबर क्राइम की 05 शिकायतें पहले से दर्ज हैं और इसमें लगभग 94 लाख रुपये की संदिग्ध ठगी की रकम जमा हुई है। पुलिस गिरोह के संगठित तंत्र और बैंक खातों के लेनदेन की गहनता से पड़ताल कर रही है।