Kanpur: अप्रैल से होगा झकरकटी बस अड्डे का पुनर्निर्माण; 143 करोड़ से बनेगा हाईटेक टर्मिनल, होंगी ये सुविधाएं
Kanpur News: झकरकटी बस अड्डे के पुनर्निर्माण की बाधाएं दूर हो गई हैं और अप्रैल के अंत तक 143 करोड़ की लागत से निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है। निर्माण के दौरान अगले दो साल तक बसों का संचालन सिग्नेचर सिटी से होगा और नया अड्डा मेट्रो, मॉल तथा आधुनिक वेटिंग रूम जैसी सुविधाओं से लैस होगा।
विस्तार
कानपुर में करीब ढाई साल से अटके झकरकटी बस अड्डे के पुनर्निर्माण का कार्य अप्रैल के अंत तक शुरू होने की उम्मीद है। प्रवेश द्वार की बाधा दूर हो गई है। कंपनी अधिकारी का कहना है कि पहले जगह कम थी, अब हमें जगह दे दी गई है। इससे बसें आसानी से अंदर चली जाएंगी। नक्शा तैयार हो गया है। इसे जमा कर पुनर्निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। इस दौरान बस अड्डे का संचालन दो साल तक सिग्नेचर सिटी से होगा। पीपीपी मॉडल के तहत 143 करोड़ की लागत से होने वाले इस कायाकल्प कार्य में ठेकेदार कंपनी सीगल को जगह की समस्या के कारण देरी का सामना करना पड़ा था। रामादेवी से गोल चौराहा तक बनने वाले एलिवेटेड रोड के रैंप के कारण प्रवेश द्वार पर जगह की कमी आड़े आ रही थी, लेकिन अब समस्या का समाधान हो गया है।
मेट्रो स्टेशन से भी जोड़ा जाएगा
नए बस अड्डे पर यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं जैसे वेटिंग रूम, फूड जोन, मल्टीप्लेक्स, मॉल, होटल और रेस्टोरेंट उपलब्ध होंगे। यहां 16 प्लेटफार्म होंगे, जिनसे एसी और नॉन-एसी दोनों तरह की बसें संचालित होंगी। बसों के आने-जाने का समय और प्लेटफॉर्म नंबर बड़ी स्क्रीन पर प्रदर्शित किया जाएगा। मेट्रो स्टेशन से भी इसे जोड़ा जाएगा। कुल 55183 वर्ग मीटर क्षेत्र में से 45 प्रतिशत हिस्सा व्यावसायिक उपयोग के लिए आरक्षित होगा। यह बस अड्डा प्रतिदिन करीब एक हजार से 1100 बसों के संचालन की क्षमता रखेगा, जो बांदा, चित्रकूट, लखनऊ, दिल्ली, प्रयागराज सहित कई प्रमुख शहरों को जोड़ेगा।
ठेकेदार कंपनी के अधिकारियों से बातचीत चल रही है जब कार्य शुरू करने को कहेंगे, बस अड्डा सिग्नेचर सिटी शिफ्ट कर खाली जगह दे देंगे। जल्द ही कार्य शुरू हो जाएगा। -महेश कुमार, क्षेत्रीय प्रबंधक, परिवहन निगम
