Kanpur: 3000 की लूट का विरोध करना पड़ा भारी, लाठी-डंडों से पीट-पीटकर युवक की हत्या, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
Kanpur News: पनकी में 3000 रुपये की लूट का विरोध करने पर तेजवीर सिंह की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की तलाश में जुटी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र में बुधवार देर शाम मामूली रकम की लूट का विरोध एक युवक की जान पर भारी पड़ गया। बदमाशों ने तीन हजार रुपये छीनने के बाद गालीगलौज का विरोध करने पर युवक को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीट दिया। गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाए गए युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है।
महावीर नगर निवासी तेजवीर सिंह (35) रावतपुर स्थित एक साइट से काम कर देर शाम घर लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और तीन हजार रुपये छीन लिए। तेजवीर द्वारा विरोध करने और गालीगलौज का प्रतिवाद करने पर आरोपियों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमलावर उन्हें सड़क किनारे मरणासन्न हालत में छोड़कर फरार हो गए।
इलाज के दौरान तोड़ दिया दम
इसी दौरान बाजार सब्जी लेने जा रही उनकी पत्नी मीना की नजर सड़क किनारे पड़े पति पर पड़ी। पति की हालत देख वह चीख पड़ीं और आसपास के लोगों की मदद से उन्हें कल्याणपुर स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने तत्काल हैलट अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान तेजवीर ने दम तोड़ दिया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस
मृतक मूल रूप से अलीगढ़ जिले के थाना सिमरधारी क्षेत्र के गांव तरसरा के रहने वाले थे। परिवार में मां किरण, बेटा शिव तथा बेटियां शिवानी और डोली हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।