Kanpur: हाथीपुर पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, गोलू हत्याकांड के पीड़ितों को बंधाया ढांढस
Kanpur News: महाराजपुर विधानसभा क्षेत्र के हाथीपुर गांव में हुए चर्चित गोलू हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मिलने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना शुक्रवार सुबह पहुंचे। उन्होंने मृतक गोलू के भाई कुलदीप और अन्य परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की तथा आर्थिक सहायता प्रदान की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर नगर के महाराजपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत हाथीपुर गांव में हुए बहुचर्चित गोलू हत्याकांड से पीड़ित परिवार को सांत्वना देने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना शुक्रवार सुबह पहुंचे। मॉर्निंग वॉक के दौरान हाथीपुर गांव पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष ने मृतक गोलू के भाई कुलदीप और अन्य परिजनों से मुलाकात कर इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए मौके पर ही आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई।
दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने शोकाकुल परिवार से कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा प्रशासन और वे स्वयं परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट की प्रगति की जानकारी ली और आश्वासन दिया कि रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि बीते 17 जून को हाथीपुर गांव निवासी गोलू का शव हाईवे किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। परिजनों ने गांव के ही 03 युवकों पर हत्या का आरोप लगाया था, जिसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हालांकि, क्षेत्र में तनाव को देखते हुए घटना के 38 दिन बीत जाने के बाद भी गांव में पीएसी बल तैनात है।
सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले दो अन्य युवकों के घर भी पहुंचे
इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष हाथीपुर गांव में ही एक सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले 02 अन्य युवकों राहुल पुत्र छेदालाल और सोमप्रकाश पुत्र मुरली के घर भी पहुंचे। उन्होंने दोनों शोकाकुल परिवारों से मिलकर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें भी आर्थिक सहायता प्रदान की। इस दौरान भाजपा नेता सुरेंद्र अवस्थी, विनय मिश्रा, रानू शुक्ला, अजय प्रताप सिंह, विनय प्रताप सिंह सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।