विनीत मिनोचा मर्डर: 'तुम स्मार्ट हो...शादी क्यों नहीं हुई?' तारीफों में फंसकर बना कातिल, डिलीट चैट ने उगले राज
Kanpur Murder News: कल्याणपुर के रतन ऑर्बिट अपार्टमेंट में दवा कारोबारी विनीत मिनोचा की धारदार हथियार से गोदकर हत्या कर दी गई थी। तड़के पार्टी से लौटे बेटे-बहू को शव मिला था, जिसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूर्व कर्मचारी समेत दो को हिरासत में लिया गया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर में रतन ऑर्बिट निवासी दवा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड में पुलिस दोनों हत्यारोपियों विशाल गौतम, राजकिशोर और साजिश रचने वाली बहू शालू को जेल भेज चुकी है। वहीं, पुलिस की जांच में रोज नए खुलासे सामने आ रहे हैं। पुलिस टीम के हाथ शालू और विशाल गौतम के बीच व्हाट्सएप पर की गईं कुछ चैट मिली हैं।
इनमें शालू हत्यारोपी विशाल की तारीफों के पुल बांधती नजर आई। पुलिस का मानना है कि इन्हीं बातों से शालू ने विशाल को ससुर की हत्या के लिए राजी कर लिया था। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक रिकवर हुईं चैट में सामने आया है कि शालू और हत्यारोपी विशाल गौतम लंबे समय से व्हाट्सएप पर संपर्क में थे।
तीन माह से शालू ने भी मैसेज करने शुरू किए
शुरुआत में विशाल गुड मॉर्निंग और गुड नाइट के मैसेज भेजता था। तब शालू कोई जवाब नहीं देती थी। करीब तीन माह से शालू ने भी मैसेज करने शुरू किए। इस दौरान उसने विशाल को स्मार्ट बताकर उसकी तारीफ की। बातचीत के अंश की एक चैट में शालू विशाल को मैसेज कर रही है कि तुम यार हो तो स्मार्ट...।
सुनियोजित तरीके से बातचीत की
एक मैसेज में उसने पूछा है कि तुम्हारी कोई गर्लफ्रेंड है या नहीं...अभी तक शादी क्यों नहीं हुई। पुलिस अधिकारियों को आशंका है कि शालू ने तीन माह पहले से ही हत्या की साजिश रचनी शुरू कर दी थी। शालू ने सुनियोजित तरीके से विशाल से बातचीत की और हत्या के लिए राजी कर लिया।
कोर्ट में मजबूत साक्ष्य के तौर पर पेश होंगी चैट्स
यही कारण है कि विशाल ने पकड़े जाने के बाद सीधे शालू का ही नाम लिया। पुलिस इन चैट्स को कोर्ट में मजबूत साक्ष्य के तौर पर आरोपियों को सजा दिलाने के लिए पेश करेगी। बता दें कि हत्यारोपियों ने पहले सड़क हादसे में मारने की योजना बनाई गई थी। हालांकि व्यस्त ट्रैफिक और पकड़े जाने के डर से तकिया से मुंह दाब कर हत्या की योजना बनाई गई। जब दवा कारोबारी कमरे लॉक करने लगे, तो आरोपियों ने चाकू से हत्या कर दी।
हत्या के बाद सबसे पहले विशाल ने डिलीट की चैट
डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि विशाल ने हत्याकांड के बाद सबसे पहले शालू के साथ की गईं चैट ही डिलीट की हैं। हालांकि, व्हाट्सएप कॉल लिस्ट पूरी तरह से डिलीट नहीं कर पाया। कई बार दोनों के बीच बातचीत के रिकॉर्ड मिले हैं। वहीं, बेटे से भी विशाल संपर्क में था। हत्याकांड के दिन भी बेटे से बातचीत हुई है।
डुप्लीकेट चाबी बरामद करने के लिए ली जाएगी रिमांड
विनीत मिनोचा की हत्या के बाद विशाल ने फ्लैट की डुप्लीकेट चाबी देर रात अपार्टमेंट से कुछ दूरी पर फेंक दी थी। पुलिस उस चाबी को रिकवर करने के लिए उसकी कस्टडी रिमांड लेने के लिए कोर्ट में आवेदन करने जा रही है। इस दौरान आरोपी से सिलसिले फिर से पूछताछ की जाएगी।
ये था पूरा मामला
कल्याणपुर के इंदिरानगर स्थित रतन ऑर्बिट अपार्टमेंट में रहने वाले दवा कारोबारी विनीत मिनोचा (63) की शनिवार देर रात नृशंस हत्या कर दी गई थी। वारदात के वक्त कारोबारी की बहू-बेटा पार्टी करने गए थे। सुबह 4:13 बजे पर दोनों लौटे तो कमरे में खून से लथपथ शव पड़ा पाया। गले पर रेतने के निशान थे, जबकि पूरे शरीर पर धारदार हथियार से डेढ़ दर्जन से अधिक वार किए जाने के निशान थे।
सीसीटीवी में कैद हुए थे दो व्यक्ति
घटना की सूचना पर पुलिस कमिश्नर, डीसीपी वेस्ट, एडीसीपी व कल्याणपुर पुलिस मौके पर पहुंची थी। अपार्टमेंट की गैलरी में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए गए थे, जिसमें एक पूर्व कर्मचारी सहित दो व्यक्ति फ्लैट में घुसते और निकलते कैद हुए। आशंका थी कि इन्हीं ने हत्या को अंजाम दिया है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की थी।
बड़े दवा कारोबारी थे विनीत मिनोचा
बता दें कि इंदिरानगर स्थित रतन ऑर्बिट अपार्टमेंट की पहली मंजिल के फ्लैट नंबर सी-104 में रहने वाले विनीत मिनोचा बड़े दवा कारोबारी थे। 45 वर्षों से बिरहाना रोड पर फार्मा ट्रेडर्स के नाम से दवा की फर्म है। परिवार में बेटा सुब्रत, बहू शालू और छह साल का पोता श्रीजय है। पत्नी पुनीता गाजियाबाद में मैरिज काउंसलर हैं। एक सप्ताह पहले वहीं लौट गई थीं। विवाहित बेटी शुभानी और दामाद गुरुग्राम में रहते हैं। दोनों इंजीनियर हैं।