Kanpur: उफनाती गंगा में स्टंट करते युवकों का वीडियो वायरल, 20 फीट की ऊंचाई से लगाई छलांग; पुलिस तलाश में जुटी
Kanpur News: बिठूर के घाट पर उफनाती गंगा में स्टंट कर रहे युवकों का वीडियो सामने आया है। गंगा में लगातार बढ़ते जलस्तर और हाल में डूबने की घटनाओं के बावजूद करीब आधा दर्जन युवक ब्रह्मावर्त घाट के निर्माणाधीन हिस्से से करीब 20 फीट की ऊंचाई से नदी में छलांग लगाते रहे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिठूर में गंगा नदी के लगातार बढ़ रहे जलस्तर और डूबने की घटनाओं के बावजूद कुछ युवाओं की लापरवाही थमने का नाम नहीं ले रही है। हाल ही में गंगा में चार लोगों के डूबने और दो लोगों की मौत जैसी गंभीर घटनाओं के बावजूद मंगलवार को कुछ युवक बेखौफ होकर खतरनाक स्टंट करते नजर आए। ब्रह्मावर्त घाट के ऊपर निर्माणाधीन हिस्से पर चढ़कर युवकों द्वारा करीब 20 फीट की ऊंचाई से नीचे उफनाती गंगा में छलांग लगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
17 दिनों में चार लोग डूब चुके हैं गंगा में
प्रशासन और स्थानीय लोगों की लगातार चेतावनियों के बाद भी घाटों पर लापरवाही का सिलसिला जारी है। जानकारी के मुताबिक, बिठूर क्षेत्र में बीते 17 दिनों के भीतर गंगा में चार लोग डूब चुके हैं, जिनमें से दो लोगों की जान जा चुकी है। बीते सोमवार को ही गंगा में नहा रहे दो युवक गुदारा घाट पर गहरे पानी में डूब गए थे। इन सब हादसों के बाद भी मंगलवार को जब घाटों पर कड़ी चौकसी होनी चाहिए थी, तब आधा दर्जन युवक अपनी जान जोखिम में डालकर खतरनाक स्टंट करते दिखे।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, मौके पर नहीं दिखा कोई पुलिसकर्मी
हैरानी की बात यह है कि इस जानलेवा स्टंट के दौरान घाट पर सुरक्षा के लिए कोई भी पुलिसकर्मी या गोताखोर मौजूद नहीं था। बेखौफ युवक लगातार ऊंचाई से गंगा में छलांग लगाते रहे और वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने उनका यह वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
वीडियो के आधार पर युवकों की तलाश में जुटी पुलिस
मामले का संज्ञान लेते हुए अब बिठूर थाना पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर स्टंट करने वाले हुड़दंगियों की पहचान करने में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वीडियो में दिख रहे युवकों की तलाश की जा रही है, ताकि उनके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जा सके, जिससे भविष्य में कोई इस तरह की खतरनाक हरकत न दोहराए।