UP: पार्टी को पार्टी ही रहने दें…नहीं जूते में दाल बटेगी, टिप्पणी करने वाले पर रिपोर्ट दर्ज, पढ़ें पूरा मामला
Hardoi News: हरदोई में तिरंगा यात्रा में विवाद के दौरान एक युवक ने सोशल मीडिया पर पार्टी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की थी। मामले में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

विस्तार
हरदोई जिले में भाजपा की तिरंगा यात्रा में हुए विवाद के दौरान सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करना एक शख्स के लिए मुसीबत बन गया। भाजपा के एक पदाधिकारी ने, बेहतर है पार्टी को पार्टी ही रहने दें, परिवार न बनाएं, नहीं जूते में दाल बटेगी... करने वाले संदीप चंदेल के खिलाफ शहर कोतवाली में मामला दर्ज कराया है। बता दें कि बीती 11 अगस्त को भाजपा के हरियावां मंडल की तिरंगा यात्रा निकाली गई थी।

इस दौरान सधई बेहटा में यात्रा सक्रिय सदस्य आशीष सिंह सोलंकी के आवास के बाहर जलपान के लिए ले जाने पर विवाद हो गया था। भाजयुमो के जिला मीडिया प्रभारी अनुज मिश्रा ने आशीष सिंह सोलंकी के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने मामले की जांच तीन सदस्यीय कमेटी से कराई थी। 18 अगस्त को जिलाध्यक्ष के साथ आशीष और अनुज व जांच कमेटी के सदस्यों की एक फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड हुई थी। इसमें पार्टी नहीं परिवार है, का स्लोगन लिखा गया था।
साक्ष्य के रूप में स्क्रीनशॉट भी दिए
हालांकि बाद में अनुज ने सोशल मीडिया पर समझौते से इनकार की बात लिख दी थी। इसी दौरान संदीप चंदेल नाम के व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर एक कमेंट किया था इसमें लिखा था कि पार्टी को पार्टी ही रहने दें, परिवार न बनाएं, नहीं जूते में दाल बटेगी...। इसको पढ़कर देहात कोतवाली क्षेत्र के कुर्रिया निवासी श्याम सिंह ने शहर काेतवाली में संदीप चंदेल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। श्याम सिंह भाजपा के सधई बेहटा के शक्ति केंद्र संयोजक हैं। सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। साक्ष्य के रूप में स्क्रीनशॉट भी दिए गए हैं। जांच की जा रही है।