Orai: बुजुर्ग पर कार चढ़ाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार; लाठी-डंडों से पीटकर किया था अधमरा, अन्य आरोपियों को तलाश
Orai News: सिरसा कलार पुलिस ने वृद्ध अरविंद सिंह पर जानलेवा हमला कर उन पर कार चढ़ाने के आरोपी मौसम और राहुल भदौरिया को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से हमले में इस्तेमाल डंडा और कार बरामद की है।
विस्तार
उरई के सिरसा कलार में वृद्ध को पीटकर उसके ऊपर कार चढ़ा देने के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से पिटाई में प्रयोग किया गया डंडा व कार बरामद की है। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस अन्य आरोपियों को तलाश कर रही है।थाना क्षेत्र के खड़गुई मुस्तिकल निवासी जितेंद्र ने थाना पुलिस को तहरीर दी थी।
बताया कि उसका चाचा अरविंद सिंह उर्फ किशनजी (65) बृहस्पतिवार की शाम को अपने साथी शान मोहम्मद के साथ पैदल डीजल लेने दमरास गांव गए थे। जब वह वापस लौट रहे थे, तभी जूनियर हाईस्कूल दमरास के पास पहले से घात लगाए बैठे कार सवारों ने उन्हें रोक लिया और गाली गलौज करने लगे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी।
आरोपियों की तलाश में जुटी थी पुलिस
जब साथ में गए शान मोहम्मद ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, तो आरोपी उसे भी मारने को झपटे इस पर वह जान बचाकर भाग गया। आरोपियों ने मार मारकर उसके चाचा को अधमरा कर दिया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी दमरास गांव निवासी मौसम भदौरिया ने उसके चाचा के ऊपर कार चढ़ा दी। इस पर वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने प्राथमिकी दर्जकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
जल्द ही अन्य आरोपी भी होंगे गिरफ्तार
शनिवार को थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान जखा बंबी के पास से दमरास निवासी मौसम भदौरिया व राहुल भदौरिया को कार सहित गिरफ्तार कर लिया। दोनों भागने की फिराक में थे। एएसपी प्रदीप कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।