Orai: मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मरीज की मौत, परिजनों ने डॉक्टरों पर लगाया लापरवाही का आरोप
Orai News: कदौरा थाना क्षेत्र के परोसा गांव निवासी संतराम कुशवाहा (50) की मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टरों पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई में इलाज के दौरान एक मरीज की मौत हो जाने के बाद परिजनों ने डॉक्टरों पर इलाज में घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। परिजनों का कहना है कि डॉक्टरों की अनदेखी और गलत इंजेक्शन लगाने की वजह से मरीज की जान गई है। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषी डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पैर में पड़ी छड़ निकालने बुलाया था अस्पताल
जानकारी के अनुसार, कदौरा थाना क्षेत्र के ग्राम परोसा निवासी संतराम कुशवाहा (50) का करीब डेढ़ माह पूर्व एक सड़क हादसे में पैर फ्रैक्चर हो गया था। परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था, जहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर उनके पैर में छड़ (रॉड) डाली थी और डिस्चार्ज कर घर पर आराम की सलाह दी थी। 17 अगस्त को डॉक्टरों ने पैर से छड़ निकालने के लिए संतराम को दोबारा अस्पताल बुलाया था। हालांकि, छड़ न निकल पाने के कारण डॉक्टर दोबारा पट्टी बांधकर उन्हें घर भेज चुके थे।
रात में हालत बिगड़ने पर पहुंचे थे मेडिकल कॉलेज
मृतक के बेटे आलोक सिंह ने बताया कि सोमवार रात अचानक उनके पिता की तबीयत बिगड़ने लगी। इस पर परिजन तुरंत उन्हें दोबारा मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। आरोप है कि वहां मौजूद डॉक्टरों ने मरीज को सही तरीके से अटेंड नहीं किया और एक इंजेक्शन लगाने के कुछ ही देर बाद संतराम की मौत हो गई।
डॉक्टरों पर मौके से खिसकने का आरोप
बेटे आलोक का गंभीर आरोप है कि जब पिता की सांसें उखड़ने लगीं तो परिजनों ने डॉक्टरों से इलाज के लिए काफी मिन्नतें कीं और गुहार लगाई, लेकिन किसी ने उनकी बात नहीं सुनी। जब परिजनों ने लापरवाही का विरोध किया तो ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर मौके से हट गए। घटना के बाद बदहवास परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और मामले की जांच कराकर न्याय दिलाने की मांग की।