हरदोई: रक्षाबंधन की खुशियां मातम में बदलीं, बाइक भिड़ंत में मामा-भांजा समेत तीन की मौत
Hardoi News: हरदोई-बिलग्राम मार्ग पर पुसेड़ा पुलिया के पास शुक्रवार शाम दो बाइकों की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में मामा-भांजा समेत तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में चार वर्षीय बच्चा भी शामिल है। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पुसेड़ा निवासी गौरव कुमार (37) खेती करते थे। उनकी बहन संध्या पिहानी कोतवाली क्षेत्र के सलेमपुर गांव में रहती हैं। रक्षाबंधन पर संध्या अपने चार वर्षीय बेटे सूर्यांश के साथ मायके पुसेड़ा आई थीं। राखी बांधने के बाद शुक्रवार शाम करीब पांच बजे गौरव अपने भांजे सूर्यांश को बाइक से लेकर ललौली तिराहे पर लगने वाले बाजार जा रहे थे।
इसी दौरान पुसेड़ा पुलिया के पास बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के अहमदापुर निवासी मोनू (18) बाइक से बिलग्राम की ओर जा रहे थे। दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों बाइक सवार सड़क पर जा गिरे। हादसे में गौरव, उनके भांजे सूर्यांश और दूसरी बाइक सवार मोनू के सिर में गंभीर चोटें आईं।
बताया गया कि तीनों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी और तीनों घायलों को आनन-फानन सीएचसी बिलग्राम पहुंचाया गया। वहां चिकित्सक ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। त्योहार के दिन मामा-भांजे समेत तीन लोगों की मौत की खबर से परिवारों में मातम छा गया।