Typhoon Noru: तूफान नोरू फिर लाएगा बारिश, मानसून की वापसी में देरी, नौ अक्तूबर तक बारिश की संभावना
मानसून के जाने के समय में फिर से वापसी के आसार है। वियतनाम की ओर से आने वाला बेहद शक्तिशाली चक्रवात 'टाइफून नोरू' आज थाईलैंड पहुंच जाएगा। इससे दो अक्तूबर को पूर्वी भागों में बारिश होगी। वहीं, कानपुर परिक्षेत्र में चार से नौ अक्तूबर तक बारिश की संभावना है।

विस्तार
समुद्री तूफान नोरू कानपुर परिक्षेत्र को एक बार फिर भिगोएगा। तूफान के यहां पहुंचने पर निम्न दबाव और चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बनेगा, जिससे बारिश होगी। सीएसए के मौसम विभाग प्रभारी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि कानपुर परिक्षेत्र में चार से नौ अक्तूबर के बीच बारिश की संभावना है।

तूफान के बंगाल की खाड़ी पहुंचने के बार स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। तूफान के आने से मानसूनी की वापसी में देरी होगी। तूफान का असर आने के पहले उमस भरा माहौल रहेगा। बारिश रुकने के बाद उमस भरी गर्मी हो गई है। दिन का अधिकतम तापमान सामान्य औसत से 1.4 डिग्री सेल्सियस अधिक हो गया है।
सीएसए के मौसम विभाग प्रभारी डॉ. पांडेय ने बताया कि नोरू तूफान मैक्सिको के तट पर बना है। इस के असर से जलेस्को, स्पेन, कैलीफोर्निया में बहुत बारिश हुई है। शुक्रवार को तूफान उत्तरी म्यांमार के ऊपर अराकन तट और मार्तबान की खाड़ी के पास पहुंचेगा।
देश में यह उड़ीसा में पहले पहुंचेगा। इसके बाद बंगाल की खाड़ी से इसका असर तेज होने की उम्मीद है। 2 अक्तूबर से पूर्वी भागों में बारिश शुरू होने की उ्म्मीद है। इससे पूर्वी राजस्थान, उत्तरी मध्य प्रदेश, दिल्ली और कानपुर मंडल बारिश की पट्टी की विस्तार की संभावना है।
इससे निम्न दबाव का क्षेत्र बनेगा। इसके साथ ही हवाओं की गतिविधियां तेज हो जाएंगी। उन्होंने बताया कि तूफान के असर से चार से नौ अक्तूबर के बीच कानपुर परिक्षेत्र में बारिश की संभावना है। बता दें कि पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी पर पहले से मौजूद परिसंचरण कम हो जाएगा।
एक व्यापक परिसंचरण बंगाल के पूर्व, मध्य और उत्तर-पश्चिम की खाड़ी के बड़े हिस्से को कवर करेगा। इससे एक कम दबाव का क्षेत्र विकसित होगा, जिसके असर से पूर्वी राजस्थान, उत्तरी मध्य प्रदेश, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश की पट्टी के विस्तार की संभावना है।
तापमान
अधिकतम-34.8 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम-23.8 डिग्री सेल्सियस