Jalaun: कोतवाली से 100 मीटर दूर दिनदहाड़े महिला से चेन लूटी, सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश
Jalaun News: रविवार दोपहर कोतवाली से करीब 100 मीटर दूर बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन और लॉकेट लूट लिया। वारदात दिनदहाड़े होने से क्षेत्र में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नगर में बेखौफ बदमाशों ने पुलिसिया गश्त और कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए रविवार दोपहर दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। कोतवाली रोड पर कोतवाली से महज 100 मीटर की दूरी पर बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े एक महिला के गले से सोने की चेन और लॉकेट छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पलक झपकते ही फरार हो गए। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।
चलती बाइक से खींची चेन
मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नया खंडेराव निवासी साधना देवी रविवार दोपहर अपने भतीजे अंकुश के साथ मोबाइल ठीक कराने कोतवाली रोड आई थीं। मोबाइल दुकान पर देने के बाद वे भतीजे की बाइक पर सवार होकर घर लौटने लगीं। तभी पीछे से आए एक बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने चलती बाइक पर ही महिला के गले में पड़ी सोने की चेन और लॉकेट पर झपट्टा मार दिया।
बाइक चला रहे बदमाश ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि पीछे बैठे साथी ने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था। घटना के तुरंत बाद भतीजे अंकुश ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों का कुछ दूरी तक पीछा भी किया, लेकिन तेज रफ्तार बाइक सवार बदमाश चकमा देकर भाग निकले।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए बदमाश
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। चौकी प्रभारी मनीष तिवारी ने मौके पर पहुंचकर आसपास की दुकानों और मकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। फुटेज में बाइक सवार बदमाश महिला की चेन स्नैचिंग कर भागते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं।
एक सप्ताह में तीसरी बड़ी वारदात, खौफ में व्यापारी व नागरिक
नगर में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से लोगों में आक्रोश और दहशत का माहौल है। बीते एक सप्ताह के भीतर यह तीसरी बड़ी वारदात है। इससे पहले एक व्यापारी के डेढ़ लाख रुपये और एक युवती के 30 हजार रुपये चोरी होने की घटनाएं हो चुकी हैं, जिनका पुलिस अब तक खुलासा नहीं कर सकी है।
मामले में क्षेत्राधिकारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि घटना का संज्ञान लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से बदमाशों की सुरागकशी की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।