UPSC Result : यूपीएससी परीक्षा में फिर चमके कोरांव के अतुल, पाई 697वीं रैंक
लगातार प्रयास और कड़ी मेहनत के दम पर प्रयागराज के कोरांव निवासी अतुल सिंह ने यूपीपीएससी के बाद संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा में एक बार फिर सफलता हासिल की है।
विस्तार
लगातार प्रयास और कड़ी मेहनत के दम पर प्रयागराज के कोरांव निवासी अतुल सिंह ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा में एक बार फिर सफलता हासिल की है। शुक्रवार को जारी यूपीएससी परिणाम में उन्होंने 697वीं रैंक हासिल एक बार फिर सफलता की मिसाल पेश की। यह सफलता उन्हें पांचवें प्रयास में मिली है। प्रयागराज जिले के कोरांव क्षेत्र के उल्दा गांव के मूल निवासी अतुल सिंह ने अपने पांचवें प्रयास में यूपीएससी परीक्षा में 697वीं रैंक हासिल कर बड़ी सफलता प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ कौशाम्बी और प्रयागराज क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
अतुल सिंह वर्तमान में जौनपुर में नायब तहसीलदार के पद पर तैनात हैं। इससे पहले वर्ष 2021 में उनका चयन उत्तर प्रदेश प्रशासनिक सेवा में हुआ था। प्रशासनिक सेवा में कार्य करते हुए उन्होंने अपनी तैयारी जारी रखी और एक बार फिर यूपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल की। अतुल सिंह के पिता जितेंद्र प्रकाश सिंह कौशाम्बी में कृषि एवं समाज कल्याण विभाग में वरिष्ठ लेखाकार के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता अर्चना सिंह गांव में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। वहीं शुक्रवार को बेटे को यूपीएससी में दोबारा सफल होने की सूचना मिलते ही पिता खुशी से झूम उठे। उन्होंने तुरंत अपने विभाग के लोगों को बेटे की दोहरी सफलता की खुशखबरी दी और पूरे ऑफिस में मिठाई बांटकर खुशी मनाई।
गोल्डन जुबली इंटर कॉलेज, प्रयागराज से की थी प्रारंभिक पढ़ाई
अतुल सिंह का दारागंज में भी मकान है। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा प्रयागराज के गोल्डन जुबली इंटर कॉलेज, टैगोर टाउन से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर से बीटेक की पढ़ाई पूरी की। वर्ष 2019 से उन्होंने यूपीएससी की तैयारी शुरू की और लगातार प्रयास करते रहे।
पांचवें प्रयास में मिली इस सफलता के बाद उनके लिए भारतीय प्रशासनिक सेवा में आगे बढ़ने का रास्ता और मजबूत हो गया है। अतुल सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों के मार्गदर्शन और लगातार की गई मेहनत को दिया है। उनकी उपलब्धि से क्षेत्र के युवाओं को भी प्रेरणा मिल रही है।
