Lakhimpur Kheri News: तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, महिला समेत दो की मौत, एक अन्य घायल
लखीमपुर खीरी में निघासन-पलिया मार्ग पर सोमवार शाम तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। एक युवक घायल हुआ है। हादसे के बाद कार में सवार लोग मौके से भाग गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लखीमपुर खीरी के पलियाकलां क्षेत्र में निघासन-पलिया मार्ग पर इटाइया चौराहे के पास सोमवार शाम तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर के बाद कार सड़क किनारे पानी से भरी खंती में पलट गई। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला। हादसे के बाद कार सवार मौके से भाग गए। पुलिस ने कार कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
सोमवार शाम 6:30 बजे घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलिया पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने लोकेंद्रपुर थाना मझगई निवासी रामबेटी (65) पत्नी राधेश्याम और सुजीत मौर्य (28) पुत्र लक्ष्मीचंद्र मौर्य को मृत घोषित कर दिया। लोकेंद्रपुर निवासी श्रीराम (42) पुत्र गुलाब को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
मुजफ्फरनगर की बताई जा रही कार
कार की टक्कर से बाइक सवारों की मौत के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई थी। ग्रामीणों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कार को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार मुजफ्फरनगर की बताई जा रही है। कार सवारों की तलाश के साथ दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा कि कार कौन चला रहा था और उसमें कितने लोग सवार थे, इसका पता नहीं चल सका है। कार (यूपी-12 बीएस-7975) पर सत्यमेव जयते का स्टीकर लगा हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार भी खंती में जा गिरी थी, लेकिन उसमें सवार लोग भाग गए।