Lakhimpur Kheri: केले के खेत में झोपड़ी पर बैठा दिखा तेंदुआ, इलाके में फैली दहशत; वीडियो वायरल
धौरहरा वन रेंज के खड़वा मीतमऊ गांव में मंगलवार को एक खेत की झोपड़ी पर तेंदुआ चढ़ गया। इसे देख ग्रामीणों में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने और तेंदुए को पकड़ने की मांग की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लखीमपुर खीरी के धौरहरा वन रेंज क्षेत्र के खड़वा मीतमऊ गांव के पास मंगलवार को एक खेत में बनी झोपड़ी पर तेंदुआ चढ़ गया। झोपड़ी के ऊपर तेंदुए बैठा देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। एक किसान ने इसका वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम खड़वा मीतमऊ निवासी जयपाल यादव ने केले के खेत में रखवाली के लिए झोपड़ी डाल रखी है। इसी झोपड़ी पर मंगलवार को एक तेंदुआ चढ़ गया। सुबह खेतों पर किसानों ने झोपड़ी के ऊपर तेंदुआ बैठा देखा तो उनके होश उड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ समय बाद तेंदुआ झोपड़ी से उतर कर खेतों में चला गया।
तेंदुए की मौजूदगी की सूचना फैलते ही ग्रामीणों ने खेतों की ओर जाना कम कर दिया और एक-दूसरे को सतर्क रहने की सलाह दी। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी जंगली जानवरों की गतिविधियां देखी गई हैं, जिससे लोगों में भय बना हुआ है।
ग्रामीणों ने की तेंदुआ पकड़ने की मांग
ग्राम पंचायत खड़वा मीतमऊ के ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, पिंजरा लगाने और तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू करने की मांग की है, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके। वहीं, वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे बिना आवश्यकता अकेले खेतों या जंगल की ओर न जाएं। बच्चों को अकेले बाहर न भेजें और तेंदुआ दिखाई देने पर तुरंत वन विभाग व स्थानीय प्रशासन को सूचना दें। फिलहाल वन विभाग ने इलाके में निगरानी शुरू करा दी है।