Lakhimpur Kheri: शहर में आवारा कुत्ते ने 100 लोगों का काटा, नगर पालिका की टीम ने पकड़ा; देखें वीडियो
लखीमपुर खीरी में भीषण गर्मी में आवारा कुत्ते हमलावर हो रहे हैं। शहर से लेकर गांवों तक कुत्तों का आतंक है। शहर के काशी नगर मोहल्ले में 100 लोगों को काट चुका कुत्ता बृहस्पतिवार को पकड़ लिया गया। उधर, मितौली इलाके में आतंक फैलाने वाले कुत्ते को ग्रामीणों ने मार डाला।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लखीमपुर खीरी में शहर के काशी नगर मोहल्ले में करीब 100 लोगों को काट चुका लावारिस कुत्ता बृहस्पतिवार को पकड़ा गया। उधर, मितौली इलाके में एक लावारिस कुत्ते ने दो दिनों में 19 लोगों को घायल कर दिया। इन घटनाओं से आक्रोशित ग्रामीणों ने उस कुत्ते को मार डाला।
शहर के काशी नगर मोहल्ले से नगर पालिका परिषद को लगातार शिकायतें मिल रही थीं। लोगों का कहना था कि कुत्ते के डर से छोटे बच्चे गलियों में खेल नहीं पाते थे और काम करने वाले लोग अपने काम पर नहीं जा पाते थे। इन्हीं शिकायतों के बाद नगर पालिका परिषद लखीमपुर के कर्मचारियों ने बृहस्पतिवार को कड़ी मशक्कत के बाद कुत्ते को पकड़ा। इससे मोहल्ला वासियों ने राहत की सांस ली।
मितौली इलाके में बुजुर्ग महिला पर किया हमला
मितौली इलाके में लावारिस कुत्ते के हमले से जलालपुर गांव की 70 वर्षीय किशोरी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। कुत्ते ने उनके शरीर से कई जगह का मांस नोच लिया। उन्हें तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनके भतीजे मायाप्रसाद ने बताया कि उनकी स्थिति गंभीर है।
अन्य गांवों में भी आतंक
कुस्तौल गांव में 10 वर्षीय मलिंगा और संतोष कुमार को कुत्ते ने काटकर घायल कर दिया। पिपरा गांव में चौकीदार मूलचंद, उनकी एक रिश्तेदार महिला, सोनू पासी की बेटी और 11 वर्षीय छोटू भी इस हमले का शिकार हुए। हसनपुर गांव के महेश समेत कई अन्य लोग भी घायल हुए हैं। रौतापुर गांव में एक भंडारे में पहुंचे श्रद्धालुओं पर कुत्ते ने हमला कर चार लोगों को काट खाया।
ग्रामीणों की मांग
ग्रामीणों ने लाठी-डंडों की मदद से किसी तरह कुत्ते को वहां से भगाया। घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पताल ले जाया गया। बुधवार को अस्पताल खुलते ही प्रभावित गांव के लोग बड़ी संख्या में सीएचसी में एंटी रेबीज वैक्सीन लगवाने पहुंच रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा और पागल कुत्तों को पकड़वाने की मांग की है।