पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
फ्री ई-पेपर
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lakhimpur Kheri News ›   Four children fell ill in three council schools due to the scorching heat

Lakhimpur Kheri News: भीषण गर्मी में तीन परिषदीय विद्यालय में चार की तबीयत बिगड़ी

Tue, 07 Jul 2026 12:00 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, लखीमपुर खीरी
संवाद न्यूज एजेंसी, लखीमपुर खीरी Updated Tue, 07 Jul 2026 12:00 AM IST
विज्ञापन
Four children fell ill in three council schools due to the scorching heat
प्राथमिक विद्यालय गोकन में बेहोश छात्र। स्रोत :सोशल मीडिया
लखीमपुर खीरी/धाैरहरा। जिले में सोमवार को भीषण गर्मी और उमस के बीच अलग-अलग सरकारी स्कूलों में छात्रा समेत चार बच्चे बेहोश होकर गिर पड़े। फूलबेहड़ में एक छात्रा को सीएचसी में भर्ती कराना पड़ा, जबकि मोहम्मदी और धौरहरा में प्राथमिक उपचार के बाद बच्चों की हालत सामान्य हो गई।
विज्ञापन

सोमवार से जिले में बदले समय के अनुसार सुबह आठ बजे स्कूल खुले थे। कई विद्यालयों में बिजली न होने से पंखे भी नहीं चल सके।
पहली घटना फूलबेहड़ के प्राथमिक विद्यालय गड़रियनपुरवा में हुई। सुबह प्रार्थना के बाद कक्षा पांच की छात्रा रोहिणी (11) अचानक बेहोश होकर गिर गई। साथी बच्चों ने उसे हवा की और परिजनों को सूचना दी। परिजन व शिक्षक उसे सीएचसी फूलबेहड़ ले गए, जहां उपचार के बाद उसे होश आ गया। प्रधानाध्यापक उत्तम कुमार यादव ने बताया कि छात्रा पड़ोस के गांव बदालपुरवा (औघटा) निवासी लालता प्रसाद की बेटी है। स्कूल में बिजली का कनेक्शन है, लेकिन उस समय बिजली नहीं थी। सीएचसी अधीक्षक डॉ. मनीष ने बताया कि डिहाइड्रेशन और गैस्ट्रिक के कारण छात्रा की तबीयत बिगड़ी थी। उपचार के बाद वह पूरी तरह स्वस्थ है। सूचना मिलने पर बीईओ ब्रजराज सिंह भी स्कूल पहुंचे और छात्रा का हालचाल लिया।
विज्ञापन

दूसरी घटना मोहम्मदी क्षेत्र के गांव गोकन स्थित प्राथमिक विद्यालय में हुई। यहां कक्षा एक का छात्र प्रियांशु गर्मी और उमस के कारण चक्कर खाकर गिर गया। उसे पानी और ओआरएस का घोल दिया गया, जिससे उसकी हालत में सुधार हो गया। प्रधानाध्यापक प्रदीप सिंह राठौर ने बताया कि फिलहाल छात्र की हालत सामान्य है।
विज्ञापन
विज्ञापन

इस बीच उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने जिलाधिकारी को पत्र देकर अत्यधिक गर्मी और उमस के मद्देनजर विद्यालयों का समय बदलने की मांग की है। संघ ने प्रार्थनापत्र में कहा है कि सुबह 8:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक विद्यालय संचालन नितांत अव्यवहारिक है। जिले के कई विद्यालयों में बच्चों के अचेत होने की सूचनाएं मिल रही हैं। जनहित में विद्यालयों का समय पूर्ववत सुबह 7:00 बजे से 11:30 बजे तक करने की मांग की गई। प्रार्थनापत्र देने वालों में जिलाध्यक्ष राकेश कुमार मिश्र, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय मिश्र, जिला मंत्री विश्वास कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।
---
दो बच्चों के बेहोश होने की जानकारी मिली थी। संबंधित बीईओ को निर्देश दिए गए हैं कि स्कूलों में पेयजल, ओआरएस सहित अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त कराई जाएं।
-प्रवीण कुमार तिवारी, बीएसए
---
-----संविलियन विद्यालय केशवापुर कलां में मची अफरा-तफरी-----

धौरहरा कस्बे के संविलियन विद्यालय केशवापुर कलां में कक्षा चार का छात्र लालबाबू और उसके साथ आया एक किशोर अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। घटना से विद्यालय में अफरा-तफरी मच गई। दोनों को तत्काल प्राथमिक देखभाल दी गई, जिसके बाद उनकी हालत सामान्य हो गई। विद्यालय प्रशासन के अनुसार, पढ़ाई के दौरान छात्र लालबाबू अचानक बेहोश हो गया। उसके साथ आया एक अन्य किशोर, जिसका विद्यालय में पंजीकरण नहीं था, भी गर्मी और उमस के कारण अचेत हो गया।

विद्यालय स्टाफ ने दोनों की देखभाल की और कुछ देर बाद दोनों को होश आ गया। बीईओ आशीष पांडेय ने बताया कि बेहोश होने वालों में एक विद्यालय का छात्र था, जबकि दूसरा उसके साथ आया था। वर्तमान में बिजली नहीं थी, जिससे पंखे भी नहीं चल रहे थे। दोनों की हालत अब सामान्य है।
-----------

प्राथमिक विद्यालय गोकन में बेहोश छात्र। स्रोत :सोशल मीडिया

प्राथमिक विद्यालय गोकन में बेहोश छात्र। स्रोत :सोशल मीडिया

प्राथमिक विद्यालय गोकन में बेहोश छात्र। स्रोत :सोशल मीडिया

प्राथमिक विद्यालय गोकन में बेहोश छात्र। स्रोत :सोशल मीडिया

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed