Lakhimpur Kheri: ताऊ के परिवार को बचाने के दौरान भतीजे की मौत, करंट लगने से हुआ हादसा, चार लोग झुलसे
लखीमपुर खीरी के सिंगाही कस्बे में बृहस्पतिवार तड़के दर्दनाक हादसा हुआ। घर में कपड़े सुखाने के लिए बंधे लोहे के तार में उतरे करंट से युवक की मौत हो गई। युवक ने अपने ताऊ को बचाने के लिए तार पर डंडा मारा था। जिससे तार टूटकर उसके ही ऊपर गिर गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लखीमपुर खीरी के सिंगाही कस्बे के मोहल्ला बाढ़ियन टोला वार्ड नंबर नौ में बृहस्पतिवार तड़के बारिश के दौरान करंट लगने से 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसके ताऊ समेत परिवार के चार सदस्य झुलस गए। सभी घायलों को निघासन सीएचसी में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े चार बजे अचानक तेज बारिश शुरू होने पर चुन्ना अपने आंगन में सूख रहे कपड़े उतारने पहुंचे। इसी दौरान टिनशेड में उतरे करंट के कारण कपड़े फैलाने वाले लोहे के तार में भी विद्युत प्रवाहित हो रही थी। तार के संपर्क में आते ही चुन्ना करंट की चपेट में आ गए।
उनकी चीख-पुकार सुनकर पत्नी नसरीन बानो और दोनों बेटे शीबू और शराफत उन्हें बचाने दौड़े, लेकिन वे भी करंट की चपेट में आकर झुलस गए। इसी बीच चुन्ना के छोटे भाई हकीमुद्दीन का 20 वर्षीय बेटा अल्ताफ हुसैन डंडा लेकर मौके पर पहुंचा। उसने करंट प्रवाहित हो रहे लोहे के तार को हटाने का प्रयास किया।
अल्ताफ के ऊपर गिरा तार
डंडा लगते ही तार टूटकर अल्ताफ के ऊपर गिर गया, जिससे वह भी करंट की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से झुलसने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बिजली आपूर्ति बंद कराई और सभी घायलों को तत्काल सीएचसी निघासन पहुंचाया।
अस्पताल में चुन्ना, उनकी पत्नी नसरीन बानो तथा दोनों बेटों का उपचार चल रहा है। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।