Lakhimpur Kheri: पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान पांच बदमाशों को किया गिरफ्तार, गोली लगने से एक घायल
लखीमपुर खीरी के नीमगांव इलाके में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी के पैर में गोली लगी है। पुलिस के मुताबिक ये बदमाश चोरी और लूट की वारदात को अंजाम देते थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लखीमपुर खीरी में नीमगांव थाना पुलिस ने चोरी और लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले पांच बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी मौजीराम के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, कारतूस, दो बाइक, छह मोबाइल फोन और 5300 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, बुधवार को नीमगांव क्षेत्र में अल्हवापुर पुल के पास घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया गया। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में मौजीराम के पैर में गोली लगी और सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार किए गए बदमाशों में मूड़ा हूसा, सुमित प्रजापति, आलोक कुमार, अभय प्रताप सिंह और सर्वेश राठौर शामिल हैं। ये सभी सीतापुर और खीरी जिलों के निवासी हैं।
सीतापुर और खीरी में कीं वारदात
पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के सदस्य बाइक से लाइसेंसी शराब दुकानों के सेल्समैनों का पीछा करते थे। वे सुनसान स्थानों पर रोककर असलहों के बल पर नकदी और मोबाइल फोन लूट लेते थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने सीतापुर और खीरी जिलों में कई चोरी व लूट की वारदात को अंजाम दिया है। सीओ मितौली यादवेंद्र यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सीतापुर के थाना पिसावां, रामकोट और खीरी के थाना नीमगांव में दर्ज तीन प्रमुख मुकदमों से संबंधित हैं। इनमें मोबाइल लूट, चोरी और छिनैती की घटनाएं शामिल हैं।
बरामदगी
आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे 315 बोर, एक खोखा, तीन जिंदा कारतूस, दो मोटरसाइकिलें, एक बाइक इंजन, चार चालू मोबाइल, दो क्षतिग्रस्त मोबाइल और स्कूटी की चाबी बरामद हुई है। मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में थाना नीमगांव में हत्या के प्रयास और शस्त्र अधिनियम की धाराओं में एक अन्य मुकदमा भी दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।