Lakhimpur Kheri: तेज रफ्तार रोडवेज बस ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर, बच्चों समेत आठ लोग घायल
लखीमपुर खीरी में धौरहरा-सिसैया हाईवे पर सोमवार दोपहर रोडवेज बस से ई-रिक्शा को टक्कर लग गई। हादसे में आठ लोग घायल हो गए। पांच घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। दुर्घटना चफरिया पुल के पास हुई। टक्कर के बाद बस चालक फरार हो गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लखीमपुर खीरी में धौरहरा-सिसैया हाईवे पर चफरिया पुल के पास सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे तेज रफ्तार रोडवेज बस ने पीछे से ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा में सवार तीन बच्चों समेत आठ लोग घायल हो गए। घायलों में पांच की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। दुर्घटना के बाद चालक बस दौड़ा ले गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बस चालक की तलाश में जुटी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सिसैया की ओर से आ रही रोडवेज की बस तेज गति से चल रही थी। बस से चफरिया पुल के पास ई-रिक्शा को टक्कर लग गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) धौरहरा पहुंचाया।
पांच घायलों की हालत गंभीर
हादसे में हसनापुर निवासी राधा देवी (30) पत्नी कुंज बिहारी, तारा देवी (35) पत्नी तीरथ राम, शनि (12) पुत्र तीरथ राम, क्रांति देवी (30) पत्नी नरेंद्र कुमार तथा ई- रिक्शा चालक सुभाष (22 वर्ष) और तीन बच्चे घायल हो गए। सीएचसी अधीक्षक डॉ. रवी सिंह ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल शनि, संध्या, तारा देवी, क्रांति देवी और सुभाष को जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
सीओ धौरहरा शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि दुर्घटना में तीन बच्चों समेत आठ लोग घायल हुए हैं। पांच घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है। फरार बस चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।