ललितपुर। राजकीय इंटर कॉलेज में छात्रों और पुलिस के बीच हुए विवाद के मामले में शुरू हुई जांच में शनिवार को पर्याप्त साक्ष्य न जुट पाने के कारण तीन दिन का समय और बढ़ा दिया गया है। अपर जिला मजिस्ट्रेट न्यायिक रजनीश राय ने बताया कि यदि किसी के पास घटना के साक्ष्य हो तो वह तीन दिनों के अंदर कार्यालय में उपलब्ध करा दे।
जीआईसी में छात्रों व पुलिस के बीच विवाद के मामले में जांच समिति के अध्यक्ष एवं अपर जिला मजिस्ट्रेट न्यायिक ने साक्ष्य देने के लिए लोगों को तीन दिन का और समय दिया है। पहले 18 सितंबर तक का समय था, लेकिन पर्याप्त साक्ष्य संकलन नहीं हो सकने की स्थिति में समिति के अध्यक्ष द्वारा लोगों को तीन दिन का और मौका दिया है, ताकि वह उक्त समय में साक्ष्य उनके समक्ष प्रस्तुत कर सकें, जिससे जांच प्रक्रिया आगे बढ़ सके। फिलहाल शनिवार तक स्कूल प्रशासन द्वारा साक्ष्य देने की बात कही जा रही है, लेकिन अभी छात्रों की ओर से इस प्रकरण में पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिल सके हैं, जिससे इस मामले में जांच में कोई ठोस निर्णय लिया जा सके। इसके लिए अपर जिला मजिस्ट्रेट ने लोगों ने खुले में साक्ष्य देने के लिए घटना से संबंधित मौखिक, लिखित या वीडियोग्राफी के रूप में साक्ष्य होने पर उपलब्ध कराने को कहा है।