LPG Crisis: मुरादाबाद में गैस एजेंसी का गोदाम सील, सर्वर डाउन से गैस बुकिंग में परेशानी, लग रही लाइन
उपभोक्ताओं से ज्यादा रुपये वसूलने समेत अन्य आरोपी में ठाकुरद्वारा की एक गैस एजेंसी के गोदाम को सील कर दिया गया है। इसके साथ ही प्रशासन लगातार जांच कर रहा है। उधर सर्वर डाउन होने के कारण बुकिंग नहीं हो पा रही है।
विस्तार
ठाकुरद्वारा की भावना गैस एजेंसी सिलिंडर के अधिक दाम वसूलने के आरोप में घिर गई है। आपूर्ति विभाग की टीम ने फरीदनगर रोड पर स्थित इस गैस एजेंसी के गोदाम को सील कर दिया है। डीएसओ ने बताया कि सिलिंडरों के स्टॉक की जांच की जा रही है।
इस एजेंसी द्वारा अधिक दाम में सिलिंडर बेचने की शिकायत कुछ लोगों ने डीएम से की थी। समय से सिलिंडर न देने के आरोप भी लगाए थे। डीएम के निर्देश पर डीएसओ अजय प्रताप सिंह ने ठाकुरद्वारा के पूर्ति निरीक्षक जयवीर सिंह, अनिल कुमार, अमित कुमार को जांच के लिए भेजा।
रात में वह खुद भी वहां पहुंच गए। पता चला है कि वहां मौजूद कर्मचारी आपूर्ति विभाग की टीम के सवालों के संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद एजेंसी के फरीदनगर रोड स्थित गोदाम पर जाकर भी कर्मचारियों से पूछताछ की गई।
इस दौरान पांच किलोग्राम के सिलिंडर स्टॉक के मुकाबले कम पाए गए। इसके बाद डीएसओ के निर्देश पर गैस गोदाम सील कर दिया गया।
सर्वर डाउन होने से गैस बुकिंग में आ रही परेशानी
घरेलू गैस बुकिंग करने में लोगों को परेशानियों का सामना पड़ रहा है। उनका कहना है कि कंपनी का सर्वर डाउन होने के कारण बुकिंग नही हो सकी है। इसके अलावा केवाईसी नहीं होने के कारण लोगों की बुकिंग प्रभावित रही। जिले में घरेलू गैस सिलिंडर के 778111 उपभोक्ता मौजूद हैं।
इनमें 30 प्रतिशत लोगों ने केवाईसी नहीं कराई है। केवाईसी नहीं कराने वालों की बुकिंग नहीं हो सकी। शुक्रवार को इंडेन गैस के उपभोक्ताओं का कहना था कि कंपनी का सर्वर डाउन होने के कारण बुकिंग नहीं हो रही है।
इस बारे में जिला पूर्ति अधिकारी अजय प्रताप सिंह ने बताया कि सर्वर डाउन होने की शिकायत कुछ लोगों ने की है। शहर में 50 हजार उपभोक्ताओं को एजेंसी पाइप लाइन से गैस उपलब्ध करा रही है। फिर भी कुछ उपभोक्ता गैस सिलिंडर की बुकिंग करा रहे हैं।
ऐसे लोगों को बुकिंग नहीं कराना चाहिए। एक सिलिंडर लेने के बाद लोग दूसरे सिलिंडर के लिए बुकिंग कर रहे हैं। उपभोक्ताओं को संयम बरतना होगा। घरेलू गैस सिलिंडर की कोई कमी नहीं है।