बेलाताल (महोबा)। ब्लॉक जैतपुर के छितरवारा गांव के पहाड़ में बुधवार की सुबह अचानक आग लग गई। तेज हवाएं चलने से आग की लपटें बस्ती की ओर पहुंचने से ग्रामीण सहम गए। सूचना पर पहुंची फायर बिग्रेड ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। 10 घंटे बाद शाम सात बजे आग बुझ सकी।
छितरवारा गांव के किनारे पहाड़ है। निचले हिस्से में लोगों के मकान बने हैं। सुबह करीब नौ बजे पहाड़ के ऊपर आग की लपटें उठने लगी। लपटें व धुआं देखकर लोग ऊपर पहुंचे तो पता चला कि यहां उगी झाड़ियों, पेड़-पौधों और सूखी पत्तियों में आग लगी है। वह हवा के कारण तेजी से फैलते हुए नीचे की ओर जा रही है। घरों तक आग पहुंचने की आशंका के चलते ग्रामीण डर गए और पेड़ की टहनियों को तोड़कर आग बुझाने का काम शुरू किया।
सूचना वन विभाग व फायर ब्रिगेड को दी गई। फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। शाम करीब सात बजे आग पर काबू पाया गया। आग से सैकड़ों पेड़-पौधे जल गए। वन विभाग के सेक्शन ऑफिसर अश्विनी कुमार ने बताया कि आग बुझा दी गई है। पहाड़ पर उगे पेड़ों को अधिक नुकसान नहीं हुआ है। आग बुझाने के दौरान वन दरोगा अमित कुमार, मलखान सिंह, लेखपाल सिम्मी सिंह, विपिन शिवहरे और फायर ब्रिगेड प्रभारी जाहर सिंह, हल्के राम व ग्रामीण मौजूद रहे।