सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Mathura News ›   40 day Holi festival concludes in Mathura

ब्रज में रंगोत्सव का समापन: बरसाना में थमी फाग की गूंज, राधारानी ने सफेद छतरी से दिए भक्तों को दर्शन

संवाद न्यूज एजेंसी, मथुरा Published by: Arun Parashar Updated Wed, 04 Mar 2026 10:03 PM IST
विज्ञापन
सार

वृषभान नंदिनी राधारानी के डोले को सेवायतों ने कंधों पर उठाकर मंदिर परिसर में बनी संगमरमर की सफेद छतरी में विराजमान कराया। यहां राधाकृष्ण के युगल स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु अपने आपको धन्य मानते नजर आए।

40 day Holi festival concludes in Mathura
राधारानी मंदिर में उमड़ी भीड़। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार

ब्रज में बसंत पंचमी से शुरू हुआ चालीस दिवसीय होली महोत्सव शुक्रवार को पारंपरिक पद जो जीवैगो सो खेलेगौ, ढप धर दै यार गई अगली बरस की के साथ पूर्ण हो गया। अंतिम दिन श्रीजी मंदिर में राधारानी गर्भगृह से बाहर निकलकर मंदिर परिसर में स्थित संगमरमर की सफेद छतरी में विराजमान हुईं और अपने भक्तों पर कृपा की वर्षा करती नजर आईं।
Trending Videos


बरसाना में बसंत पंचमी के दिन लाडली जी मंदिर में ध्वज रूपी डाढा गाढ़कर होली महोत्सव का शुभारम्भ किया जाता है। इसके बाद पूरे चालीस दिनों तक मंदिर परिसर में फाग, समाज गायन और राधाकृष्ण की लीलाओं का रस बहता रहता है। बुधवार को परंपरा के अनुसार गोस्वामी समाज द्वारा समाज गायन में अंतिम पद जो जीवैगो सो खेलेगौ, ढप धर दै यार गई अगली बरस की गाकर होली धमार का समापन किया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन


इस पद में समाज गायन में प्रयोग होने वाली ढप का भावपूर्ण वर्णन है, जिसमें यह संदेश है कि अब ढप को सुरक्षित रख दिया जाए और जो अगले वर्ष तक जीवित रहेगा वही इसे फिर बजाएगा। अंतिम पद के साथ ही ढप, मृदंग, झांझ और अन्य वाद्य यंत्रों को विधिवत समेटकर अगले वर्ष तक के लिए सुरक्षित रख दिया गया।

शाम करीब पांच बजे वृषभान नंदिनी राधारानी के डोले को सेवायतों ने कंधों पर उठाकर मंदिर परिसर में बनी संगमरमर की सफेद छतरी में विराजमान कराया। यहां राधाकृष्ण के युगल स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु अपने आपको धन्य मानते नजर आए। लाडली जी भक्तों पर कृपा बरसाती रहीं और पूरा मंदिर परिसर राधाकृष्ण के जयघोष से गूंजता रहा।

शाम करीब सात बजे सेवायतों ने डोले को पुनः मंदिर गर्भगृह में विराजमान कराया। इसके उपरांत गोस्वामी समाज की कन्याओं द्वारा आरता की गई। वहीं श्यामा प्यारी के निकट से दर्शन करने के लिए श्रद्धालु उत्साहित दिखाई दिए और पूरा मंदिर परिसर भक्ति और उल्लास के रंग में सराबोर नजर आया।





 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed