माधव हत्याकांड: कातिल मां का खुलेगा हर राज, 31 दिन बाद निकाला मासूम का शव; प्रेम संबंध में गला घोंटकर मारा
कृष्ण मुरारी गुप्ता ने अपनी पत्नी रुचि जिंदल के खिलाफ बेटे की हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। तहरीर के अनुसार, रुचि के शादी से पहले और बाद में भी फरह क्षेत्र के गांव बरारी निवासी एक युवक से प्रेम संबंध थे। आरोप है कि रुचि का व्यवहार पति और बच्चों के प्रति हमेशा क्रूर रहता था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी के मथुरा स्थित बलदेव के गांव छौली में हुए तीन वर्षीय मासूम माधव हत्याकांड में पुलिस और गोताखोरों की टीम को बड़ी सफलता मिली। गुरुवार को यमुना नदी के ब्रह्मांड घाट से मासूम का शव निकाल लिया गया है। ढाई घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद शव को बाहर निकाला जा सका। पुलिस ने पंचनामे की कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, गला दबाकर हत्या करने की आरोपी मां को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेजा गया है।
31 दिन पानी में रहा शव
घटनास्थल पर पुलिस और गोताखोरों के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद करीब तीन फीट गहरे पानी और चार फीट नीचे दलदल में फंसे शव को बाहर निकाला। 31 दिन तक पानी में दबे रहने के कारण शव बेहद खराब स्थिति में पहुंच चुका था। शव बाहर निकलते ही मौके पर तीखी दुर्गंध फैल गई, जिससे वहां मौजूद लोगों का रुकना मुश्किल हो गया।
गोताखोरों ने बाहर निकाला शव
नायब तहसीलदार प्रदुम्न त्रिपाठी ने बताया कि शव को ब्रह्मांड घाट पर दफनाया गया था। यहां यमुना का किनारा होने के कारण घाट पानी में डूब गया। टीम 28 और 29 जुलाई को शव निकालने पहुंची थी लेकिन पानी होने के कारण सफलता नहीं मिली। गुरुवार को गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला जा सका। इस दौरान नायब तहसीलदार के साथ सीएचसी बलदेव प्रभारी डॉ. विजेंद्र सिंह सिसौदिया और थानाध्यक्ष अभय कुमार शर्मा भी मौजूद रहे।
अवैध संबंधों के चलते मां ने की थी हत्या
छौली निवासी कृष्ण मुरारी गुप्ता ने अपनी पत्नी रुचि जिंदल के खिलाफ बेटे की हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। तहरीर के अनुसार, रुचि के शादी से पहले और बाद में भी फरह क्षेत्र के गांव बरारी निवासी एक युवक से प्रेम संबंध थे। आरोप है कि रुचि का व्यवहार पति और बच्चों के प्रति हमेशा क्रूर रहता था। 28 जून को रुचि अपने प्रेमी से फोन पर बात कर रही थी। इस दौरान माधव बार-बार उसके पास आकर रो रहा था। बच्चे के रोने से रुचि के बात करने में बाधा उत्पन्न होने लगी। इससे गुस्से में आकर उसने अपने बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी थी।
परिजन को किया था गुमराह
कृष्ण मुरारी गुप्ता का आरोप है कि हत्या करने के बाद भी रुचि ने उन्हें गुमराह करने की कोशिश की। रुचि ने पति को फोन कर बेटे के न उठने की बात कही। इस पर वह घर पहुंचे और बेटे को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टर ने परीक्षण के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद भी रुचि को कोई अफसोस नहीं था। वह लगातार फोन पर सामान्य रूप से बात करती रहती थी। रुचि के इस व्यवहार पर शक होने के बाद कृष्ण मुरारी ने साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए। आरोप है कि 21 जुलाई को रुचि मोबाइल पर प्रेमी को माधव की हत्या के बारे में बता रही थी। यह बातें उन्होंने छिपकर सुन लीं। इसके बाद उससे सख्ती से पूछताछ की तो हत्याकांड का खुलासा हुआ। मामले की जानकारी होते ही कृष्ण मुरारी ने तहरीर देकर आरोपी पत्नी को पुलिस के हवाले कर दिया।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
सीओ महावन संजीव राय ने बताया कि बच्चे के शव को ब्रह्मांड घाट से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, तहरीर के आधार पर हत्या की आरोपी बच्चे की मां रुचि को न्यायालय में पेश किया गया। यहां से उसे जेल भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।