मथुरा। जनपद में डेंगू के बढ़ते प्रभाव और बिगड़ती स्वास्थ्य सेवाओं के खिलाफ बुधवार को मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के होलीगेट पर प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले ही पुलिस ने जिलाध्यक्ष भारत भूषण शर्मा को घर से उठा लिया। पुलिस उन्हें हाईवे थाने ले गई। इसकी भनक लगते ही हाईवे थाने पर सपाइयों की भीड़ पहुंच गई। इसे देख पुलिस ने कुछ समय बाद ही यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष को छोड़ दिया।
डेंगू ने जनपद को बेहाल कर दिया है। प्रतिदिन मरीजों की संख्या बढ़ रही है। इससे मौत के आंकडे़ में भी इजाफा हो रहा है। इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर एक बार फिर सवाल खडे़ हो रहे हैं। मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष ने भी इन स्थितियों के लिए स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम को जिम्मेदार मानते हुए बुधवार को होलीगेट पर प्रदर्शन का एलान किया।
इनके होलीगेट पर पहुंचने से पहले ही भारत भूषण को थाना हाईवे पुलिस ने घर से ही हिरासत में ले लिया। इसकी भनक पार्टी नेताओं को लगी तो समाजवादी पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष ठाकुर किशोर सिंह, पूर्व अध्यक्ष डॉ. राजन रिजवी, आजाद वेग, जीतू ठाकुर, गोविंद सिंह, इमरान अब्बास, ओमवीर ठाकुर आदि थाना पहुंच गए।