{"_id":"69c2ecbbe9fe14c2a20c729c","slug":"son-of-nauhjheel-martyred-in-crossfire-at-the-border-mathura-news-c-412-1-mt21008-6410-2026-03-25","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"'मां, भाई की शादी में आऊंगा': इंतजार कर रहा था परिवार, 20 वर्षीय आदेश ने देश रक्षा में न्योछावर कर दिए प्राण","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
'मां, भाई की शादी में आऊंगा': इंतजार कर रहा था परिवार, 20 वर्षीय आदेश ने देश रक्षा में न्योछावर कर दिए प्राण
संवाद न्यूज एजेंसी, आगरा
Published by: अमर उजाला ब्यूरो
Updated Wed, 25 Mar 2026 01:27 AM IST
विज्ञापन
सार
मथुरा के नौहझील के 20 वर्षीय अग्निवीर आदेश कुमार सीमा पर क्रॉस फायरिंग में शहीद हो गए, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर है। भाई की शादी में आने का वादा करने वाले बेटे की शहादत ने परिवार को गहरे दुख में डुबो दिया।
वीर आदेश कुमार
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन
विस्तार
मथुरा के नौहझील थाना क्षेत्र के गांव चांदपुर कलां में उस वक्त मातम छा गया, जब ग्रामीणों को सूचना मिली कि गांव का लाडला आदेश कुमार (20) वर्ष सीमा पर देश की रक्षा करते हुए शहीद हो गया है। मंगलवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे क्रॉस फायरिंग के दौरान गोली लगने से आदेश ने वीरगति प्राप्त की। सैन्य अधिकारियों ने मंगलवार दोपहर करीब 11 बजे परिजनों को इस दुखद घटना की जानकारी दी।
Trending Videos
खबर मिलते ही परिजन में चीख-पुकार व क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और शहीद के घर पर सांत्वना देने वालों का तांता लग गया। शहीद आदेश कुमार के पिता विजय कुमार स्वयं सेना से रिटायर हवलदार हैं और वर्तमान में हरियाणा पुलिस में तैनात हैं। उन्होंने बताया कि आदेश अक्टूबर 2024 में अग्निवीर योजना के तहत सेना में भर्ती हुए थे। वह अपने दो भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटे और सबके लाडले थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विजय कुमार के मुताबिक आदेश गुवाहाटी से करीब 475 किलोमीटर दूर दुर्गम बॉर्डर पर तैनात थे, जहां ऑक्सीजन की भारी कमी और विषम परिस्थितियों के बीच वह मुस्तैदी से डटे हुए थे। शहीद का पार्थिव शरीर बृहस्पतिवार तक उनके पैतृक गांव पहुंचने की संभावना है। यहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। विजय कुमार का परिवार देशभक्ति के जज्बे से सराबोर है। बड़ा बेटा विशाल पहले से ही सेना में है और दूसरा बेटा देश की वेदी पर कुर्बान हो गया।
गांव के लोगों को आदेश की शहादत पर गर्व है, लेकिन छोटी उम्र में उसके चले जाने से हर आंख नम है। आदेश दिसंबर में ही अपनी छुट्टियां बिताकर ड्यूटी पर लौटा था और जाते समय जल्द वापस आने का वादा कर गया था। उनकी शहादत पर विधायक राजेश चौधरी, प्रधान राकेश कुमार, धर्मवीर सिंह,अजय कुमार, पप्पू चौधरी, श्याम सुंदर शर्मा, राजू शर्मा, महेश सेठ, पूर्व प्रधान सीता राम, प्रधान प्रशांत गुप्ता, मनीष जिंदल, उमाकांत शर्मा, करतार चौधरी, सुभाष चौधरी चेयरमैन, शिवकुमार तोमर आदि ने दुख प्रकट किया है।
अगले महीने आता हूं मां, भाई की शादी में खूब धूम मचाएंगे
नौहझील। नियति का क्रूर मजाक देखिए कि जिस घर में बड़े भाई की शादी की शहनाइयां बजने वाली थीं, वहां अब सिसकियों का शोर है। आदेश के बड़े भाई विशाल की शादी 21 अप्रैल को तय है। सोमवार दोपहर को ही आदेश ने अपनी मां उर्मिला देवी और पिता से फोन पर बात की थी। उसने बड़े ही उत्साह से बताया था कि 13 अप्रैल की उसकी छुट्टी मंजूर हो गई है और वह भाई की शादी में शामिल होने घर आ रहा है। उसने भाई से भी फोन पर वादा किया था कि वह शादी की तैयारियों में हाथ बंटाने जल्द पहुंचेगा। किसे पता था कि सोमवार को हुई वह आखिरी बात विदाई की आहट बन जाएगी। जिस आंगन में सेहरा बंधना था, वहां अब बेटे के पार्थिव शरीर का इंतजार हो रहा है।