Mau News: रास्ते के झगड़े में चचेरे भाई को युवक ने मारी गोली, 10 साल पहले हुई हत्या का लिया बदला
Mau News: मऊ जिले के हलधरपुर थाना क्षेत्र के अइलख गांव में बड़ी घटना हुई। यहां चचेरे भाई को युवक ने गोली मार दी। 10 साल पहले पिता की हत्या का बदला लेने के लिए गोली चलाई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मऊ जिले के हलधरपुर थाना क्षेत्र के अइलख गांव में बृहस्पतिवार की सुबह रास्ते के विवाद में प्रवीण सिंह ने चचेरे भाई तेज प्रताप सिंह (40) को अपनी लाइसेंसी पिस्टल से गोली मार दी। गोली उसके पेट में लग गई और वह लहुलुहान होकर खेत में गिर गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस की सहायता से परिजनों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुरा में भर्ती कराया। हालत गंभीर देख प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। वहां से परिजन वाराणसी ट्रॉमा सेंटर लेकर चले गए। पुलिस ने तेज प्रताप सिंह के भाई वीर प्रताप सिंह की तहरीर पर पुलिस ने प्रवीण सिंह के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है।
क्या है पूरा मामला
ग्रामीणों के अनुसार प्रवीण सिंह और उसेक चाचा हरिशंकर सिंह के बीच 17 साल से जमीन का विवाद है और कोर्ट में मामला चलता है। इसी मुकदमे की पैरवी करके 10 साल पहले प्रवीण सिंह के पिता बब्बन सिंह कचहरी से घर जा रहे थे। शाम को जीप से बेलौझा बाजार में उतरकर जैसे ही कुछ दूरी पर कुड़वा बारी मौजा में पहुंचे, कुछ बदमाशों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी थी।
जांच के बाद पुलिस ने बब्बन सिंह के सगे भाई हरिशंकर सिंह और भतीजे तेज प्रताप सिंह को आरोपी बनाया और गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। दोनों पक्षों को सुनने के बाद कोर्ट ने दोनों पिता- पुत्र को हत्या में दोषी पाया और आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी, लेकिन इन दिनों जमानत लेकर दोनों पिता- पुत्र घर पर आए हैं।
बृहस्पतिवार की सुबह तेज प्रताप परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर अपना ट्रैक्टर लाने ले जाने के लिए खेत में रास्ता बना रहा था। इसी बात को लेकर प्रवीण सिंह से विवाद हुआ, जहां गोली चला दी गई।
अधिकारी बोले
दोनों परिवारों के बीच पुराना विवाद चलता है। बृहस्पतिवार को तेज प्रताप सिंह वाहन ले जाने के लिए रास्ता बना रहा था। इसी बात को लेकर प्रवीण सिंह से विवाद हुआ और उसने लाइसेंसी पिस्तौल से गोली मार दी। वीर प्रताप सिंह की तहरीर पर उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम दबिश दे रही है।
-अनूप कुमार -एएसपी, मऊ