मथुरा गुरुकुल हादसा: हस्तिनापुर के विशु शर्मा समेत चार छात्रों की मौत, टैंक में जहरीली गैस से हुए थे बेहोश
मथुरा-वृंदावन के चैतन्य विहार स्थित पाणिनि संस्कृत गुरुकुलम में पानी के टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से चार छात्रों की मौत हो गई। मृतकों में हस्तिनापुर के जयंती माता शक्तिपीठ मंदिर के महंत पंडित दिनेश शर्मा के 19 वर्षीय पुत्र विशु शर्मा भी शामिल हैं। हादसे के बाद गुरुकुल संचालक के मौके से चले जाने की बात सामने आई है।
विस्तार
मथुरा-वृंदावन के चैतन्य विहार सेक्टर-2 स्थित पाणिनि संस्कृत गुरुकुलम में मंगलवार रात पानी के टैंक की सफाई के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। टैंक में जहरीली गैस की चपेट में आने से चार छात्रों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य छात्र का उपचार चल रहा है। मृतकों में हस्तिनापुर के प्राचीन जयंती माता शक्तिपीठ मंदिर के महंत पंडित दिनेश शर्मा का 19 वर्षीय पुत्र विशु शर्मा भी शामिल है। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजन देर रात मथुरा के लिए रवाना हो गए।
टैंक में उतरते ही बिगड़ने लगी छात्रों की हालत
परिजनों के अनुसार, मंगलवार रात गुरुकुल संचालक आचार्य आशीष ने छात्रों से बंद पड़े पानी के टैंक की सफाई करने के लिए कहा था। इसके बाद मनु कटारे, देवांश शर्मा, विशु शर्मा, आर्यन पांडेय और रुद्राक्ष टैंक की सफाई के लिए पहुंचे।
यह भी पढ़ें: शिक्षक व स्नातक एमएलसी चुनाव: बदले समीकरण, 48 साल पुराने शर्मा गुट का वर्चस्व खत्म, भाजपा के सामने नई चुनौती
बताया गया कि सबसे पहले जबलपुर निवासी मनु कटारे टैंक का ढक्कन खोलकर अंदर उतरा। कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ने लगी। उसे बचाने के प्रयास में अन्य छात्र भी एक-एक कर टैंक में उतर गए और जहरीली गैस की चपेट में आकर अंदर फंस गए।
छात्रों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और सभी को टैंक से बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्रों को रामकृष्ण मिशन सेवा आश्रम और सौ शैया अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने चार छात्रों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में मध्य प्रदेश के जबलपुर निवासी मनु कटारे (22), हस्तिनापुर निवासी विशु शर्मा (19), आर्यन पांडेय (16) और देवांश शर्मा (17) की मौत हुई है। एक अन्य छात्र का उपचार चल रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही विशु के पिता पंडित दिनेश शर्मा, माता ज्योति शर्मा और अन्य परिजन मथुरा पहुंच गए। विशु की मौत की खबर से हस्तिनापुर स्थित जयंती माता मंदिर परिसर में शोक का माहौल है।
18 अगस्त को गुरुकुल पहुंचा था विशु
विशु शर्मा दो भाइयों में बड़ा था। उसका छोटा भाई शिवम माता-पिता के साथ प्राचीन जयंती माता शक्तिपीठ मंदिर में रहता है। परिजनों के अनुसार, विशु संस्कृत की शिक्षा लेने के लिए मथुरा-वृंदावन गया था और कक्षा 11 में पढ़ रहा था। उसने 51 हजार रुपये में प्रवेश लिया था।
परिजनों के अनुसार, विशु 18 अगस्त को गुरुकुल पहुंचा था। उसकी मौत की सूचना मिलने पर प्राचीन जयंती माता शक्तिपीठ मंदिर के संस्थापक अध्यक्ष सुदेश कुमार समेत परिवार के लोग मथुरा पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद बुधवार शाम तक शव के हस्तिनापुर पहुंचने की संभावना जताई गई है।
गुरुकुल में 200 से अधिक छात्रों के पढ़ने की जानकारी
बताया गया कि जिस परिसर में गुरुकुल संचालित हो रहा है, वहां करीब एक वर्ष पहले तक उमा कमला नाम से गेस्ट हाउस चलता था। बाद में आशीष शर्मा ने जमीन किराये पर लेकर गुरुकुल का संचालन शुरू किया। परिसर में 200 से अधिक छात्रों के संस्कृत शिक्षा ग्रहण करने की जानकारी है, जबकि वर्तमान में करीब 100 छात्र रह रहे थे। यहां कक्षा छह से 12वीं तक की पढ़ाई होती है।
हादसे के बाद गुरुकुल संचालक के मौके से चले जाने की बात भी सामने आई है। परिसर से गुरुकुल का नाम लिखा बोर्ड हटाए जाने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।