हवा में बढ़ा जहर: कूड़ा जलने से टूटे दावे, मेरठ का AQI सुबह से ही 400 पार पहुंच रहा, NCR का भी बुरा हाल
मेरठ में प्रदूषण नियंत्रण के दावे कूड़ा जलाने के धुएं में गुम होते दिख रहे हैं। मंगलवार को शहर का AQI 400 के पार पहुंच गया, जबकि पल्लवपुरम में 404 तक रिकॉर्ड किया गया। धीमी हवाओं और लगातार जलाए जा रहे कचरे से हालात और खराब हो रहे हैं।
विस्तार
शहर में प्रदूषण नियंत्रण के दावे सड़क किनारे जलाए जा रहे कूड़े के धुएं में गुम हो गए हैं। दिन प्रतिदिन शहर की हवा और जहरीली हो रही है। शहर का एक्यूआई स्तर 400 के पार पहुंच गया है। बुधवार साुबह परतापुर क्षेत्र में जहां एक्यूआई 379 दर्ज किया गया। मंगलवार सुबह पल्लवपुरम में सर्वाधिक एक्यूआई 404 और शाम को 390 दर्ज किया गया। इसके बावजूद कूड़ा जलाने की घटनाएं नहीं थम रही हैं।
मेरठ का एयर क्वालिटी इंडेक्स भी सुबह से ही 400 के पास रहा और शाम को 374 दर्ज किया गया। यह मानव स्वास्थ्य के लिए सबसे ज्यादा हानिकारक है। इससे सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने आने वाले बच्चों को हुई। इनके अलावा सांस के रोगियों की मुश्किलें बढ़ गईं। हवा की रफ्तार धीमी होने के कारण प्रदूषण का और तेजी से बढ़ रहा है।
यह भी पढ़ें: Meerut News Today Live: मेरठ और आसपास की ताजा और अहम खबरें, पढ़ें 19 नवम्बर को आपके शहर में क्या हुआ
काले तेल से जलाए जा रहे अलाव
जिले में कई स्थानों पर लोग ठंड बढ़ने के कारण लोग अलाव जलाने लगे हैं। कुछ लोग काले, तेल, पेट्रोल-डीजल का इस्तेमाल कर अलावा जला रहे हैं। कुछ लोग पुराने टायर या प्लास्टिक आदि जलाकर भी हाथ सेंक रहे हैं। इससे भी जिले में प्रदूषण बढ़ रहा है।
सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है और हवा की रफ्तार भी धीमी होने के कारण जो प्रदूषण के कण हवा में घुल रहे हैं, उससे सांसों पर संकट बढ़ता जा रहा है। इसलिए प्रदूिषत माहाैल में सतर्कता जरूरी है।
जिले में प्रदूषण के नियंत्रण के उपाय किए जा रहे हैं। कूड़ा जलाने वालों पर जुर्माना लगाया जा रहा है। जहां एक्यूआई बढ़ रहा है वहां एंटी स्मॉग गन से छिड़काव किया जा रहा है। -भुवनप्रकाश यादव, क्षेत्रिय प्रदूषण अधिकारी
एनसीआर में प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है। मंगलवार को ग्रेटर नोएडा का का एक्यूआई 454 पहुंच गया। ग्रेनो देश का सबसे प्रदूषित शहर रहा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट का एक्यूआई 478 दर्ज किया गया। जिले के लोग बड़ी संख्या में नोएडा, ग्रेटर नोएडा और दिल्ली जाते हैं। इन लोगों को भी सावधानी बरतने की जरूरत है।
यह रहा प्रदूषण का हाल
मेरठ 374
पल्लवपुरम 390
गंगानगर 347
जयभीम नगर 386
मुजफ्फरनगर 321
नोएडा 367
बागपत 400
बुलंदशहर 341
दिल्ली 360
गाजियाबाद 423
ग्रेटर नोएडा 432
प्रदूषण से बचने के उपाय
-बाहर निकलते समय मास्क पहनें। एयर प्यूरीफायर का उपयोग करें।
-प्रदूषण कम करने के लिए निजी वाहनों के बजाए सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें।
-घर और आसपास के क्षेत्र में पौधे लगाना पर्यावरण को बेहतर बनाने में मदद करता है।
-वायु गुणवत्ता सूचकांक पर नजर रखें और जब वायु गुणवत्ता खराब हो तो बाहर की गतिविधियां कम करें।
-घर में झाड़ू लगाने के बजाय वैक्यूम क्लीनर का उपयोग करें और नियमित रूप से पानी का छिड़काव करें।
गांवड़ी में कूड़े के पहाड़ में आग, लोग हो गए परेशान
गांवड़ी में कूड़े के पहाड़ में मंगलवार को भीषण आग लग गई है। आग से जहरीला धुआं निकला तो लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। लोगों ने नगर निगम के खिलाफ हंगामा किया। सूचना देने के बावजूद भी निगम की टीम नहीं पहुंची। लोगों में तनाव देखते हुए थाना पुलिस ने दमकल टीम को बुलाया। करीब दो घंटे मशक्कत करने के बाद आग पर काबू पाया गया।
गांवड़ी में निगम द्वारा कूड़े के पहाड़ लगने पर छात्रनेता विनीत चपराना और स्थानीय लोगों ने सोमवार को हंगामा किया था। धरना प्रदर्शन शुरू हुआ तो अपर नगर आयुक्त लवी त्रिपाठी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमर सिंह मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने लोगों का आश्वासन दिया है कि कूड़ा का निस्तारण जल्द कराया जाएगा।
लोगों का गुस्सा अभी शांत हुआ था और मंगलवार सुबह एक बार फिर कूड़े के पहाड़ में आग गई। सूचना मिलते ही खानापूर्ति करने के लिए निगम का एक वाहन आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंचा लेकिन आग की लपटें देखकर लौट आया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित किया गया। इसके बाद थाना पुलिस और दमकल टीम पहुंची।
जेसीबी की मदद से रास्ता बनाया और फिर पाया काबू
दमकल की गाड़ी को पर्याप्त रास्ता नहीं मिल पाया। जेसीबी की मदद से कूड़े के ढेर तक पहुंचने के लिए मार्ग बनाया गया। इसके बाद दो गाड़ी में पहुंचे दमकलकर्मियों ने मोर्चा संभाला। करीब दो घंटे मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया जा सका। आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि कूड़ा निस्तारण केंद्र पर खड़ी निगम की गाड़ी व मशीन जलने का खतरा बन गया। अपर नगर आयुक्त लवी त्रिपाठी का कहना है कि आग की सूचना के बाद ही दमकल की गाड़ियों को िभजवाकर आग पर काबू पा लिया गया।