यूपी: मेरठ के अम्हेड़ा की ग्राम प्रधान को मिला KBC-18 का मंच, अमिताभ बच्चन से साझा किया गांव का विकास मॉडल
मेरठ की ग्राम प्रधान ऋचा सिंह को KBC-18 के मंच पर अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया। उत्तर प्रदेश से वह इकलौती ग्राम प्रधान हैं जिन्हें कार्यक्रम में बुलाया गया। ऋचा सिंह ने अमिताभ बच्चन के साथ गांव में हुए विकास कार्यों की जानकारी साझा की।
विस्तार
मेरठ के अम्हेड़ा आदिपुर की ग्राम प्रधान ऋचा सिंह को KBC सीजन-18 के मंच पर अतिथि के रूप में शामिल होने का मौका मिला है। उत्तर प्रदेश से वह इकलौती ग्राम प्रधान हैं जिन्हें केबीसी में अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया। बृहस्पतिवार रात मुंबई में एपिसोड की शूटिंग हुई। इस दौरान होस्ट अमिताभ बच्चन ने उनसे ग्राम विकास के कार्यों के बारे में जानकारी ली। एपिसोड का प्रसारण संभवतः अगले सप्ताह किया जाएगा।
यूपी समेत चार राज्यों के ग्राम प्रधानों को मिला निमंत्रण
मवाना रोड स्थित रजपुरा ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले अम्हेड़ा आदिपुर की ग्राम प्रधान ऋचा सिंह को पिछले माह KBC की टीम ने कार्यक्रम में शामिल होने की जानकारी दी थी। उन्हें बताया गया कि उत्तर प्रदेश से ऋचा सिंह के अलावा राजस्थान, बिहार और बंगाल से एक-एक ग्राम प्रधान को अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जा रहा है।
टीम ने बताया था कि एपिसोड के बीच में चारों ग्राम प्रधानों को मंच पर बुलाकर होस्ट अमिताभ बच्चन विकास कार्यों पर चर्चा करेंगे। टीम ने ऋचा सिंह को 6 अक्टूबर को मुंबई बुलाया था। वह अपने पति एडवोकेट रॉबिन सिंह सिवाच के साथ मुंबई पहुंचीं।
रात आठ बजे से दो बजे तक हुई शूटिंग
मुंबई में बृहस्पतिवार रात आठ बजे से एपिसोड की शूटिंग शुरू हुई, जो देर रात दो बजे तक चली। एपिसोड के बीच में चारों ग्राम प्रधानों को मंच पर बुलाया गया। वहां उनसे एक-एक कर बातचीत की गई और उनके गांवों में किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी ली गई।
पंचायत सचिवालय और AI लैब की अमिताभ बच्चन से चर्चा
अमिताभ बच्चन ने ऋचा सिंह से अम्हेड़ा आदिपुर में हुए विकास कार्यों के बारे में जानकारी ली। बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि गांव बनेगा, तभी देश बदलेगा। उन्होंने देश के आगे बढ़ने में ग्राम प्रधानों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया।
ऋचा सिंह ने बताया कि उनके कार्यकाल में ग्राम पंचायत सचिवालय, पंचायत लर्निंग सेंटर, AI लैब और पार्क सहित विभिन्न विकास कार्यों पर काम किया गया है। महिला सशक्तिकरण के लिए गांव में 60 स्वयं सहायता समूह संचालित होने की जानकारी भी उन्होंने दी।
गरीब छात्रों के लिए निशुल्क कोचिंग और अन्नपूर्णा भवन
ऋचा सिंह ने बताया कि गरीब छात्रों के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निशुल्क कोचिंग संचालित की जा रही है। वहीं, हर पात्र व्यक्ति तक राशन पहुंचाने के लिए अन्नपूर्णा भवन बनाया गया है। विकास कार्यों की जानकारी सुनकर मंच पर मौजूद लोगों ने तालियों से उनका अभिनंदन किया।
पहले भी मिल चुके हैं राष्ट्रीय और राज्य स्तर के सम्मान
ऋचा सिंह को इससे पहले पंचायती राज मंत्रालय, भारत सरकार और राज्य स्तर पर भी कई बार सम्मानित किया जा चुका है। उन्हें 'यशस्वी प्रधान' और 'श्रेष्ठ प्रधान' का खिताब भी मिल चुका है।