एमएलसी चुनाव: भाजपा के दिनेश गोयल-श्रीचंद शर्मा समेत सपा, कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशी ने दाखिल किया नामांकन
मेरठ में शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद चुनाव के लिए सोमवार को कमिश्नरी कार्यालय में नामांकन को लेकर गहमागहमी रही। भाजपा, सपा, कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया।
विस्तार
मेरठ में शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद सदस्य चुनाव के नामांकन को लेकर सोमवार को कमिश्नरी कार्यालय में दिनभर गहमागहमी रही। भाजपा के दोनों प्रत्याशियों दिनेश गोयल और श्रीचंद शर्मा ने नामांकन दाखिल किया। वहीं सपा के परविंदर भाटी और डॉ. नितिन तोमर, कांग्रेस के विक्रांत वशिष्ठ और निर्दलीय प्रत्याशी विजय कुमार त्यागी ने भी अपने समर्थकों के साथ पर्चा दाखिल किया। नामांकन के दौरान कमिश्नरी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के साथ समर्थकों की भीड़ नजर आई।
भाजपा के दिनेश गोयल और श्रीचंद शर्मा ने भरा पर्चा
एमएलसी चुनाव में भाजपा के स्नातक सीट से प्रत्याशी दिनेश गोयल ने सोमवार को कमिश्नरी कार्यालय पहुंचकर नामांकन दाखिल किया। उनके साथ मंत्री सोमेंद्र तोमर, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, धर्मेंद्र भारद्वाज, राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, कैंट विधायक अमित अग्रवाल और महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी समेत पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
वहीं शिक्षक खंड सीट से भाजपा प्रत्याशी श्रीचंद शर्मा ने भी समर्थकों के साथ कमिश्नरी कार्यालय पहुंचकर नामांकन पत्र दाखिल किया। उनके नामांकन के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
सपा के परविंदर भाटी और नितिन तोमर ने दाखिल किया नामांकन
समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी परविंदर भाटी ने स्नातक सीट से जबकि डॉ. नितिन तोमर ने शिक्षक खंड सीट से नामांकन किया। नामांकन के बाद दोनों प्रत्याशियों ने चुनाव में जीत का दावा किया। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष कर्मवीर सिंह, पूर्व मंत्री शाहिद मंजूर समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस के विक्रांत वशिष्ठ ने भी भरा पर्चा
कांग्रेस प्रत्याशी विक्रांत वशिष्ठ ने भी सोमवार को अपने समर्थकों के साथ कमिश्नरी कार्यालय पहुंचकर नामांकन दाखिल किया। उनके नामांकन के दौरान समर्थक मौजूद रहे और कमिश्नरी परिसर में चहल-पहल बनी रही।
निर्दलीय विजय कुमार त्यागी ने भी किया नामांकन
निर्दलीय प्रत्याशी विजय कुमार त्यागी ने भी कमिश्नरी कार्यालय पहुंचकर नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान बड़ी संख्या में उनके समर्थक मौजूद रहे। नामांकन के बाद समर्थकों ने उनका उत्साह बढ़ाया।
सुबह से ही कमिश्नरी में रही गहमागहमी
नामांकन को लेकर सुबह से ही कमिश्नरी परिसर में प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की आवाजाही बनी रही। समर्थकों के बीच चुनाव को लेकर चर्चाएं होती रहीं और अपने-अपने प्रत्याशियों के पक्ष में जीत का दावा करते नजर आए। नामांकन प्रक्रिया के दौरान परिसर में सुरक्षा के भी इंतजाम किए गए थे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.