एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई: मेरठ से उजैद गिरफ्तार; पाकिस्तानी हैंडलर शहजाद भट्टी के नेटवर्क से जुड़े होने का शक
मेरठ के कोतवाली क्षेत्र स्थित बनियापाड़ा के रहने वाले उजैद को एसटीएफ ने गिरफ्तार किया है। जांच में उसके जम्मू-कश्मीर में गिरफ्तार मोहम्मद साजिद के संपर्क में रहने और दोनों के बीच ऑनलाइन बातचीत होने की बात सामने आई है। उजैद की तलाश कश्मीर पुलिस करीब दस महीने से कर रही थी।
विस्तार
जम्मू-कश्मीर में गिरफ्तार साजिद से संपर्क की चर्चा
जांच पड़ताल में उजैद का संपर्क जम्मू-कश्मीर में गिरफ्तार किए गए मोहम्मद साजिद से होने की बात सामने आई है। बताया गया है कि दोनों के बीच ऑनलाइन बातचीत होती थी। जांच एजेंसियों को आशंका है कि उजैद पाकिस्तानी हैंडलर शहजाद भट्टी के नेटवर्क से भी जुड़ा हो सकता है।
जांच अधिकारियों का फोकस इस बात पर है कि उजैद सीधे पाकिस्तानी हैंडलर और शहजाद भट्टी गैंग के संपर्क में था या उसे किसी बिचौलिए के जरिए निर्देश मिल रहे थे। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि फरारी के दौरान उजैद को किन लोगों ने पनाह दी और उसकी पहचान छिपाने में मदद की। इस मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
बनियापाड़ा का रहने वाला है उजैद
उजैद मेरठ के कोतवाली क्षेत्र के बनियापाड़ा का रहने वाला है। उसकी गिरफ्तारी के बाद परिवार के घर पर ताला लगा मिला। बताया गया है कि परिवार के सदस्य घर छोड़कर चले गए हैं। कश्मीर पुलिस करीब दस महीने से उजैद की तलाश में थी। एसटीएफ की कार्रवाई के बाद अब जांच एजेंसियां उसके संपर्कों और कथित नेटवर्क की पड़ताल में जुटी हैं।
पहले भी चकमा देकर हुआ था फरार
एसएसपी के मुताबिक, इस गिरफ्तारी का एक बेहद अहम पहलू आरोपी का पुराना रिकॉर्ड भी है। कुछ महीने पहले जम्मू-कश्मीर पुलिस इसी मामले में उजैद की तलाश में मेरठ आई थी, लेकिन वह पुलिस टीम को चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहा था। तब से वह लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था।
