एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई: मेरठ से उजैद गिरफ्तार; पाकिस्तानी हैंडलर शहजाद भट्टी के नेटवर्क से जुड़े होने का शक
मेरठ के कोतवाली क्षेत्र स्थित बनियापाड़ा के रहने वाले उजैद को एसटीएफ ने गिरफ्तार किया है। जांच में उसके जम्मू-कश्मीर में गिरफ्तार मोहम्मद साजिद के संपर्क में रहने और दोनों के बीच ऑनलाइन बातचीत होने की बात सामने आई है। उजैद की तलाश कश्मीर पुलिस करीब दस महीने से कर रही थी।
विस्तार
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एसटीएफ ने कार्रवाई करते हुए मेरठ से उजैद नाम के एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। उसके पाकिस्तानी हैंडलर शहजाद भट्टी और जम्मू-कश्मीर में गिरफ्तार किए गए मोहम्मद साजिद के नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका है।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि उजैद पिछले कुछ महीनों से साजिद के संपर्क में था और दोनों के बीच ऑनलाइन बातचीत होती थी। कश्मीर पुलिस करीब दस महीने से उसकी तलाश कर रही थी।
यह भी पढ़ें: कार्तिक पूर्णिमा: यमुना तट पर उमड़ा आस्था का सैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी; भजन-कीर्तन से गूंजे घाट
जम्मू-कश्मीर में गिरफ्तार साजिद से संपर्क की चर्चा
जांच पड़ताल में उजैद का संपर्क जम्मू-कश्मीर में गिरफ्तार किए गए मोहम्मद साजिद से होने की बात सामने आई है। बताया गया है कि दोनों के बीच ऑनलाइन बातचीत होती थी। जांच एजेंसियों को आशंका है कि उजैद पाकिस्तानी हैंडलर शहजाद भट्टी के नेटवर्क से भी जुड़ा हो सकता है।
जांच अधिकारियों का फोकस इस बात पर है कि उजैद सीधे पाकिस्तानी हैंडलर और शहजाद भट्टी गैंग के संपर्क में था या उसे किसी बिचौलिए के जरिए निर्देश मिल रहे थे। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि फरारी के दौरान उजैद को किन लोगों ने पनाह दी और उसकी पहचान छिपाने में मदद की। इस मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
बनियापाड़ा का रहने वाला है उजैद
उजैद मेरठ के कोतवाली क्षेत्र के बनियापाड़ा का रहने वाला है। उसकी गिरफ्तारी के बाद घर पर ताला लगा मिला। बताया गया है कि परिवार के सदस्य घर छोड़कर चले गए हैं। कश्मीर पुलिस करीब दस महीने से उजैद की तलाश में थी। अब एसटीएफ की कार्रवाई के बाद अब जांच एजेंसियां उसके संपर्कों और नेटवर्क की पड़ताल में जुटी हैं।
पहले भी चकमा देकर हुआ था फरार
एसएसपी के मुताबिक, इस गिरफ्तारी का एक बेहद अहम पहलू आरोपी का पुराना रिकॉर्ड भी है। कुछ महीने पहले जम्मू-कश्मीर पुलिस इसी मामले में उजैद की तलाश में मेरठ आई थी, लेकिन वह पुलिस टीम को चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहा था। तब से वह लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था।
पड़ोसी बोले- सीधा-सादा लड़का है, परिवार भी सज्जन
संदिग्ध उजैद की गिरफ्तारी के बाद उसके पड़ोसियों ने परिवार को सज्जन और उजैद को सीधा-सादा लड़का बताया है। पड़ोसी मोहम्मद के मुताबिक, उजैद मिलने पर हमेशा दुआ-सलाम करता था। परिवार से उनकी नजदीकी है और मोहल्ले में भी परिवार के किसी सदस्य के गलत गतिविधियों में शामिल होने की जानकारी नहीं है।
पड़ोसी मोहम्मद ने बताया कि यह मामला पिछले साल से चल रहा है। इससे पहले भी पूछताछ के लिए परिवार के एक युवक को उठाया गया था। उजैद के पिता साजिद फलों के आढ़ती हैं और उजैद उनके साथ ही काम करता है।
मोहम्मद के अनुसार, परिवार सुबह नमाज के बाद काम पर निकलता है और दोपहर करीब दो बजे लौटता है। सेब के कारोबार से जुड़े लोगों का हिमाचल और कश्मीर जाना सामान्य है। उन्होंने कहा कि किसी के मोबाइल पर कौन-सा कंटेंट देखा जा रहा है, यह घर के दूसरे लोगों को भी पता नहीं होता। हम इस बारे में क्या ही कह सकते हैं।
