मुरादाबाद: शराब के नशे में गाली-गलौज बना मौत का कारण, दोस्त ने ब्लेड से रेत दिया सुमित का गला, ऐसे पकड़ा आरोपी
मुरादाबाद पुलिस ने सुमित हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। जांच में पता चला है कि नशे की हालत में विवाद होने पर दोस्त ने ही उसका गला रेता था। आरोपी को कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।
विस्तार
मूंढापांडे क्षेत्र में नशे में धुत युवक की गाली से नाराज दोस्त ने गला रेतकर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने वारदात का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गांव गणेशघाट निवासी सुमित उर्फ भूरा काशीपुर रोड स्थित एक एक्सपोर्ट फर्म में काम करता था।
10 जनवरी की सुबह करीब साढ़े नौ बजे वह काम पर जाने की बात कहकर घर से निकला था लेकिन देर रात तक नहीं लौटा। अगले दिन 11 जनवरी की सुबह राहगीरों ने उसका शव हाईवे किनारे पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। पत्नी शालिनी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
परिजनों ने किसी से रंजिश से इनकार किया था। इसके बाद से पुलिस के सामने घटना की गुत्थी चुनौती बनी हुई थी। जांच में सामने आया कि सुमित 10 जनवरी की शाम करीब चार बजे फैक्टरी से निकला और मुरादाबाद के हनुमान मूर्ति पर पहुंचकर शराब पीने लगा। इसी दौरान मूंढापांडे निवासी आकाश भी वहां पहुंच गया। दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे।
सुमित नशे में था इसलिए आकाश उसे अपनी बाइक पर बैठाकर ले जाने लगा। रास्ते में नशे की हालत में सुमित बार-बार बाइक हिलाने लगा। मना करने पर वह गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि कई बार समझाने के बावजूद सुमित नहीं माना। जब आकाश ने उसे बाइक से उतारने की कोशिश की तो दोनों के बीच मारपीट हो गई।
इसके बाद आकाश उसे ओवरब्रिज के पास सुनसान स्थान पर ले गया। वहां उसने बाइक की डिग्गी में रखा स्टील का ब्लेड निकाला और सुमित के गले पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से सुमित की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपी आकाश को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई कर रही है।