Moradabad: लाइसेंसी राइफल से गोली मारकर सेवानिवृत्त सीओ ने दी जान, छह माह पहले पत्नी की माैत होने से थे आहत
छजलैट में सेवानिवृत्त सीओ लखपत सिंह ने अपनी लाइसेंसी राइफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। छह माह पहले उनकी पत्नी की मृत्यु हो गई थी। इसके बाद से वह परेशान चल रहे थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
छजलैट के रमपुरा गांव में सोमवार की रात किसी समय सेवानिवृत्त सीओ लखपत सिंह (89) ने अपनी लाइसेंसी राइफल से ठोड़ी के पास गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार की सुबह उनका शव घर में ही बेड पर पड़ा मिला और सीने पर राइफल रखी थी।
बेटे ने भी लिखित में पुलिस को दिया है कि उनके पिता ने आत्महत्या की है। बताया जा रहा है कि करीब छह माह पहले सेवानिवृत्त सीओ की पत्नी विद्या देवी की मृत्यु हो गई थी। इसके बाद से वह परेशान चल रहे थे। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि छजलैट के रमपुरा निवासी लखपत सिंह वर्ष 1995 में पुलिस विभाग से सीओ पद से सेवानिवृत्त हुए थे।
इसके बाद से वह रमपुरा में ही रह रहे थे। लखपत सिंह की तीन बेटियां और दो बेटे हैं। दो बेटियों की शादी मेरठ और एक की हरिद्वार में हुई है। बड़े बेटे सतवीर सिंह निजी टेलीकॉम कंपनी में मैनेजर के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। वह परिवार के साथ गांव में ही रहते हैं, जबकि छोटे बेटे जगवीर सिंह पीडब्ल्यूडी से इंजीनियर पद से सेवानिवृत्त हुए हैं।
वह परिवार के साथ बाहर रहते हैं। दो मंजिला मकान के भूतल पर बड़े बेटे सतवीर सिंह परिवार के साथ रहते हैं, जबकि ऊपरी मंजिल पर बने मकान में सेवानिवृत्त सीओ लखपत सिंह रहते थे। सोमवार की रात खाना खाने के बाद लखपत सिंह सोने के लिए अपने कमरे में चले गए थे।
रोजाना वह चार बजे जाग जाते थे लेकिन मंगलवार की सुबह वह नहीं जागे। इसके बाद बेटे व परिवार के अन्य लोगों ने ऊपर जाकर देखा तो वह कमरे में बेड पर खून से लथपथ हालत में पड़े थे। उनकी लाइसेंसी राइफल भी उनके सीने पर पड़ी थी।
सूचना मिलने पर छजलैट थानाध्यक्ष रमेश सहरावत फोर्स के साथ पहुंचे। कुछ देर के बाद फोरेंसिक टीम भी आ गई। टीम ने घटनास्थल पर मौके की स्थिति का जायजा लिया। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि बेटे ने लिखित में दिया है कि उनके पिता ने आत्महत्या की है। करीब छह माह पहले उनकी पत्नी की मृत्यु हो गई थी। इसके बाद से वह परेशान थे।