रैलिंग से लटकी रह गई बाइक: 11 दिसंबर को जानी थी बरात, उससे पहले उठी अर्थी, ओवरब्रिज से गिरकर मामा-भांजे की मौत
बिलारी के सिरसी रोड रेलवे ओवरब्रिज पर बाइक की रैलिंग से टकराकर नीचे गिरने से मामा-भांजे की मौत हो गई। दोनों सहसपुर का दशहरा मेला देखकर लौट रहे थे। मृतक विष्णु की 11 दिसंबर को बरात जानी थी, लेकिन हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
विस्तार
बिलारी थाना क्षेत्र में सिरसी रोड रेलवे ओवरब्रिज पर पुल की रैलिंग से टकराकर नीचे गिरे बाइक सवार मामा-भांजे की जान चली गई। मामा ने सीएचसी बिलारी में और घायल भांजे ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। दोनों सहसपुर दशहरा मेला देखकर वापस अभनपुर गांव लौट रहे थे।
रामपुर जिले के थाना शाहबाद अंतर्गत भौंरकी गांव निवासी सुरेश का बेटा मनमोहन (30) थाना सोनकपुर के अभनपुर नरोली गांव में अपनी बहन रीनू देवी के घर आया हुआ था। बृहस्पतिवार शाम रीनू देवी का बेटा विष्णु सिंह (21) मामा मनमोहन को साथ लेकर बाइक से बिलारी के सहसपुर गांव का दशहरा मेला देखने चले गए।
बृहस्पतिवार देर रात दोनों बाइक से मेला देखकर वापस लौट रहे थे। बाइक को विष्णु चला रहा था जबकि उसके मामा मनमोहन पीछे बैठे हुए थे। परिजनों ने बताया कि विष्णु की बाइक बिलारी में राजा का सहसपुर रेलवे क्रॉसिंग के ऊपर बने रेलवे ओवरब्रिज से पश्चिमी ढाल की ओर आगे को बढ़ी तभी अनियंत्रित होकर पुल की बाईं ओर की रैलिंग से टकरा गई।
इस चलते बाइक से उछलकर दोनों बाइक सवार मामा-भांजे सिर के बल सड़क पर नीचे गिर गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक पुल की रैलिंग में ही फंसी रह गई। राहगीरों की सूचना पर थाना बिलारी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों घायल बाइकसवारों को 108 एम्बुलेंस से उपचार के लिए सीएचसी बिलारी पहुंचाया।
सीएचसी में चिकित्सक ने जांच के बाद मामा मनमोहन सिंह को मृत घोषित कर दिया और भांजे विष्णु सिंह को गंभीर हालत में उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान शुक्रवार तड़के विष्णु सिंह की भी मौत हो गई।
थाना बिलारी प्रभारी उदय प्रताप सिंह ने बताया कि सड़क हादसे की सूचना मिलते ही पहले तो दोनों घायलों को सीएचसी बिलारी पहुंचाया गया। बाद में उपचार के दौरान दोनों बाइक सवारों के मृत हो जाने की सूचना मिलने पर शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया। थाना प्रभारी के अनुसार इस घटना में परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।
11 दिसंबर को जानी थी विष्णु की बरात
बिलारी थाना सोनकपुर के अभनपुर नरोली गांव निवासी विपिन का बेटा विष्णु सिलाई कारीगर था। विष्णु के परिवार में वृद्ध दादा अमर सिंह वृद्ध दादी राकेश देवी, माता रीनू देवी और पिता विपिन के अलावा तीन छोटे भाई देव कुमार, बादशाह और मिथुन हैं।
भाइयों में सबसे बड़ा होने की वजह से विष्णु अपने दादा-दादी और माता-पिता का भी लाडला था। थाना बिलारी के खंडुआ गांव में विष्णु का रिश्ता तय हो चुका है। परिजनों के अनुसार आगामी 11 दिसंबर को उसकी बरात खंडुआ गांव जानी थी।
परिवार वालों ने अभी से विष्णु की शादी तैयारी शुरू कर दी थी। बृहस्पतिवार रात हुए हादसे में विष्णु की मौत हो जाने की घटना से परिवार की खुशियां दुख में बदल गईं। शुक्रवार शाम जब पोस्टमार्टम के बाद विष्णु का शव उसके घर अभनपुर नरोली गांव पहुंचा तब परिवार की महिलाएं और रिश्तेदार महिलाएं रो-रोकर बेहाल हो गईं।