UP: मालगाड़ी के वैगन पर चढ़ा युवक, ओएचई के करंट से झुलसकर मौत; बड़ा सवाल- वैगन पर कैसे पहुंचा?
मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर एक शख्स मालगाड़ी के वैगन पर चढ़ गया। ओएचई के करंट से झुलसकर उसकी मौत हो गई। डीजल लदी मालगाड़ी प्लेटफार्म नंबर दो पर खड़ी थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुरादाबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर डीजल से भरी मालगाड़ी के वैगन पर एक युवक चढ़ गया। चढ़ते ही उसका शरीर बिजली की ओएचई लाइन से टकराया और तेज धमाका हुआ। युवक नीचे पटरियों पर गिर गया। उसके शरीर से लगातार आग की लपटें उठती रहीं, गमीनत रही कि डीजल वैगन में आग नहीं लगी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
तेज धमाका हुआ तो लोगों ने देखा कि कोई व्यक्ति झुलसते हुए नीचे गिरा है। मौके पर फौरन लोगों की भीड़ जुट गई। जीआरपी और आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंच गए। किसी तरह उसके शरीर से उठ रही आग की लपटों को बुझाया गया, ताकि मालगाड़ी सुरक्षित रहे। घटना रविवार रात 915 बजे हुई। इस दौरान आधे घंटे तक प्लेटफॉर्म नंबर एक व दो से कोई ट्रेन नहीं गुजारी गई।
स्टेशन अधीक्षक महेंद्र सिंह, सीएमआई गौरव क्षोत्रिय मौके पर पहुंचे और रेलवे के डॉक्टरों व एंबुलेंस को बुलाया। वहीं पुलिसकर्मियों ने युवक का शव पटरियों के किनारे रखवाया। इसके बाद 9:45 बजे सुहेलदेव एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर एक पर आई।
साथ ही प्लेटफॉर्म नंबर दो पर खड़ी डीजल की मालगाड़ी को भी आगे बढ़ाया गया। मौके पर पहुंचे रेलवे के डॉक्टरों ने व्यक्ति को मृत घोषित किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
मालगाड़ी के वैगन पर चढ़ने की कोशिश
जीआरपी के प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार वशिष्ठ ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति की मालगाड़ी के वैगन पर चढ़ने की कोशिश में झुलसकर मौत होगई। बुरी तरह जलने के कारण उसकी पहचान भी नहीं हो सकी है। उसके पास से कोई आईडी भी नहीं मिली है।
प्लेटफॉर्म पर तैनात रहते हैं पुलिसकर्मी, फिर वैगन पर कैसे चढ़ा युवक
प्लेटफॉर्म नंबर दो की इस घटना ने रेलवे पुलिस की गश्त पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। प्लेटफॉर्म पर 24 घंटे जीआरपी और आरपीएफ के जवानों की ड्यूटी रहती है। खासकर तब जब कोई ट्रेन या मालगाड़ी प्लेटफॉर्म पर खड़ी हो तो पुलिसकर्मी अधिक सतर्क रहते हैं लेकिन रविवार को यह सतर्कता नहीं दिखी।
मरने वाला व्यक्ति बिना किसी रोक-टोक मालगाड़ी के वैगन पर चढ़ गया और यह घटना हो गई। इसके कारण बड़ा हादसा भी हो सकता था। फिलहाल जीआरपी का कहना है कि वैगन पर चढ़ने वाला व्यक्ति कौन था इसकी जांच के लिए कैमरे खंगाले जा रहे हैं।